पश्चिम चंपारण : बेतिया से रामनगर तक बदली पुलिस की कमान, दो नए एसडीपीओ की तैनाती
पश्चिम चंपारण में पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है, जहां बेतिया सदर-II और रामनगर को नए एसडीपीओ मिले हैं। ...और पढ़ें

रामनगर के नये एसडीपीओ।
HighLights
पश्चिम चंपारण में दो नए एसडीपीओ नियुक्त।
राकेश भाष्कर बेतिया सदर, सत्येन्द्र राम रामनगर।
स्थानीय अनुभव से अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद।
जागरण संवाददाता, बेतिया/बगहा । पश्चिम चंपारण में पुलिस प्रशासन को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। जिले के सदर टू और रामनगर पुलिस अनुमंडल को नये एसडीपीओ मिले हैं।
राकेश कुमार भाष्कर को बेतिया सदर टू का नया एसडीपीओ बनाया गया है, जबकि सत्येन्द्र राम को रामनगर एसडीपीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों पदाधिकारियों का बगहा और बेतिया पुलिस जिले में थानाध्यक्ष के रूप में पूर्व में काम करने का अनुभव भी रहा है। ऐसे में स्थानीय पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रामनगर में सोमवार को योगदान देंगे सत्येन्द्र राम
रामनगर पुलिस अनुमंडल के नये एसडीपीओ सत्येन्द्र राम सोमवार को योगदान देंगे। यह पद पिछले कुछ दिनों से रिक्त था। पूर्व एसडीपीओ रागिनी कुमारी के तबादले के बाद पद खाली हुआ था। सरकार ने पहले भी नये एसडीपीओ की तैनाती की थी, लेकिन उनके योगदान नहीं करने के कारण यातायात डीएसपी राजेश कुमार को प्रभारी एसडीपीओ बनाया गया था।
हाल ही में गृह विभाग की ओर से पुलिस सेवा के पदाधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की गई। इसमें सत्येन्द्र राम को रामनगर एसडीपीओ नियुक्त किया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को वे रामनगर एसडीपीओ का प्रभार ग्रहण करेंगे।
बगहा में थानेदार रह चुके हैं सत्येन्द्र
सत्येन्द्र राम पूर्व में बगहा पुलिस जिले में थानाध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं। इस दौरान उनके कार्यों की पुलिस महकमे में सराहना हुई थी। बाद में वे पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पद पर कार्यरत थे। रामनगर में उनकी तैनाती से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को बेहतर बनाने की उम्मीद है।
सदर टू की कमान राकेश कुमार भाष्कर को
बेतिया सदर टू के नये एसडीपीओ राकेश कुमार भाष्कर बनाए गए हैं। वे रजनीश कांत प्रियदर्शी का स्थान लेंगे। इससे पहले वे विशेष शाखा-15, भीमनगर, सुपौल में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत थे।
बेतिया में भी रहा है कार्य अनुभव
राकेश कुमार भाष्कर पूर्व में बेतिया नगर और मुफस्सिल थाने के थानाध्यक्ष रह चुके हैं। जिले की स्थानीय भौगोलिक और पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी होने से उनके नये पद पर कार्यभार संभालने के बाद पुलिस प्रशासन को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। गृह विभाग ने कुल 27 पुलिस पदाधिकारियों के स्थानांतरण व नये पदस्थापन की अधिसूचना जारी की है।
