विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ सीतापुर हाईवे पर बस खाई में पलटी, पश्चिम चंपारण के एक तीर्थयात्री की मौत

Published: Wed, 12 Aug 2026 06:09 PM (IST)

Uttar Pradesh Bus Accident: लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर एक तीर्थयात्री बस खाई में पलट गई, जिसमें पश्चिम चंपारण के एक किसान ...और पढ़ें

हरिशंकर यादव (फाइल फोटो)। सौ. स्वजन तथा मृतक के घर पर मौजूद ग्रामीण व अन्य। फोटो: जागरण

हरिशंकर यादव (फाइल फोटो)। सौ. स्वजन तथा मृतक के घर पर मौजूद ग्रामीण व अन्य। फोटो: जागरण 

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। धार्मिक यात्रा पर पश्चिम चंपारण से निकली बस बुधवार की सुबह उत्तर प्रदेश के लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर इटौंजा के समीप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।

हादसे में योगापट्टी प्रखंड के बगही पुरैना पंचायत अंतर्गत कटहरवा टोला गांव निवासी किसान हरिशंकर यादव (54) की मौत हो गई। बस में 73 तीर्थयात्री सवार थे, जिनमें 36 घायल हो गए।

घायलों में बस चालक समेत 18 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही हरिशंकर यादव के गांव में कोहराम मच गया।

मृतक की पत्नी उमा देवी और दोनों पुत्र कृष्णा कुमार व बलिराम कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में हरपुरवा रिफ्यूजी कॉलोनी, कटहरवा टोला सहित आसपास के करीब 36 तीर्थयात्री घायल हुए हैं। घायलों में लालमती देवी (55), सुंगती देवी (48), लालजी प्रसाद (68), लावंती देवी (46), बसंती देवी (54), रोकवा कुमारी (16), गीता देवी (35), धीरज कुमार (24), होरीलाल महतो (55), मनोज प्रसाद (56), लांभा देवी (50), सरल मेहता (45), सुखदेव दास (65), सूगी देवी (35), हीरालाल (65), सुशीला देवी (60), सुगाता देवी (50) और बस चालक सलाउद्दीन (43) शामिल हैं।

बताया जाता है कि धांगरपट्टी बाजार चौक से 73 तीर्थयात्रियों को लेकर बस बीते 28 जुलाई को हरपुरवा से बैद्यनाथ धाम, अयोध्या और वैष्णो देवी की यात्रा के लिए रवाना हुई थी। बुधवार की सुबह इटौंजा के समीप हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।

यात्रियों के अनुसार, चालक के नींद में होने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह बेकाबू होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।