विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Politics: यहां टिकट को लेकर BJP और JDU में हो सकती है टेंशन, महागठबंधन में भी खींचतान

Published: Tue, 02 Sep 2025 01:53 PM (IST)

बगहा विधानसभा सीट पर टिकट को लेकर भाजपा और महागठबंधन में घमासान मचा हुआ है। भाजपा विधायक राम सिंह फिर ...और पढ़ें

टिकट की टिकटिक : एनडीए में कई दावेदार, महागठबंधन में भी खींचतान
टिकट की टिकटिक : एनडीए में कई दावेदार, महागठबंधन में भी खींचतान

HighLights

  1. भाजपा विधायक राम सिंह की फिर से दावेदारी
  2. जदयू के प्रभात रंजन सिंह भी मैदान में
  3. राजद के दीपक यादव की चुनाव लड़ने की चर्चा

विनोद राव, बगहा। बगहा विधानसभा सीट पर टिकट की लड़ाई में कई चेहरे हैं। भाजपा के विधायक राम सिंह दोबारा इस सीट पर ताल ठोकने की तैयारी में हैं। चर्चा है कि पार्टी के आधा दर्जन नेता दावेदारी में लगे हैं। पूर्व मंत्री राजेश कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेंद्र नाथ तिवारी, रिटायर्ड एडीएम महेंद्र कुमार भारती, श्वेत मणि सिंह उर्फ तुषार सिंह, अंकित देव समेत कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं।

एनडीए में जदयू के टिकट पर बगहा का प्रतिनिधित्व कर चुके प्रभात रंजन सिंह भी जनता के बीच में हैं। उनका भी मानना है कि इस बार यह सीट जदयू के खाते में जाएगी इसलिए उनका टिकट पक्का है। दूसरी ओर, भाजपा से राजद में आए चीनी मिल के एमडी दीपक यादव के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है।

राहुल गांधी व तेजस्वी की यात्रा में सैकड़ों की संख्या में एक रंग में युवाओं की टी-शर्ट, जिसपर दीपक यादव लिखा था कुछ अलग ही इशारा कर रही थी। यह दबाव बनाने की रणनीति भी हो सकती है। हालांकि, उनके करीबी चुनाव लड़ने की बात से इनकार कर रहे हैं।

महागठबंधन से पिछली बार दूसरे स्थान पर रहे कांग्रेस नेता जयेश सिंह भी टिकट पक्का मान क्षेत्र में घूम रहे हैं। उन्हें कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह का करीबी माना जाता है। महागठबंधन से अगर राजद को टिकट मिलता है तो जयेश निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं।

अव्वल तो दोनों गठबंधनों में तय होना बाकी है कि किस दल के खाते में यह सीट जाएगी। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रीतू जायसवाल का कहना है कि वर्तमान विधायक राम सिंह हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच रहते हैं। पार्टी उन्हें टिकट देगी और वे विधायक बनेंगे।

पिछले विधानसभा चुनाव में जीत का अंतर 16.5 प्रतिशत रहा

2020 के विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायक राम सिंह को 90013 वोट मिले थे। उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी जयेश मंगलम सिंह 59993 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे। हार जीत का अंतर 16.5 प्रतिशत रहा। इस सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे और लालू सरकार में मंत्री व गोपालगंज के पूर्व सांसद पूर्णमासी राम को तीन हजार मत पाकर संतोष करना पड़ा था।

रिटायर्ड आईएएस अधिकारी व 2015 के विधायक आरएस पांडेय को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने निर्दलीय दावेदारी ठोक दी। तीसरे स्थान पर रहे।

जोर आजमाइश शुरू

एनडीए तथा महागठबंधन ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है। विधानसभा सम्मेलन के माध्यम से सक्रियता बढ़ा दी है। 13 अगस्त को नगर के बबुई टोला में जन सुराज ने बिहार बदलाव यात्रा के माध्यम से अपनी दावेदारी पेश कर दी है।

जन सुराज से अतुल शंकर सिंह, नंदेश पांडेय व स्मिता चौरसिया जनता के बीच में हैं। एनडीए भी सभी विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन करा रही है। महागठबंधन का बगहा में कोई सम्मेलन नहीं हुआ है, लेकिन राहुल व तेजस्वी यादव की यात्रा को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार में मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल: नीतीश के नाम 9 बार शपथ लेने का रिकॉर्ड, लालू से 60 दिन अधिक CM रहीं राबड़ी

यह भी पढ़ें- Bihar Politics: कहीं दोस्ती, कहीं दुश्मनी वाला रिश्ता... बिहार में मजबूरी में वाम दल दे रहे कांग्रेस का साथ