पश्चिम चंपारण में श्राद्धकर्म से लौट रहे अधेड़ की हरहा नदी में डूबने से मौत, रात में हुआ हादसा
पश्चिम चंपारण के योगापट्टी थाना क्षेत्र में हरहा नदी में डूबने से 46 वर्षीय मनेजर मुखिया की मौत हो गई। ...और पढ़ें

मनेजर मुखिया। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Drowning Incident: योगापट्टी-नवलपुर थाना क्षेत्र के बलुआ नेवाज राय के टोला के समीप हरहा नदी में डूबने से 46 वर्षीय मनेजर मुखिया की मौत हो गई।
वे पिपरहिया पंचायत के कवलापुर निवासी बंती मुखिया के पुत्र थे। बुधवार को मनेजर योगापट्टी थाना क्षेत्र की बलुआ भवानीपुर पंचायत के वार्ड आठ स्थित मुसहर टोली में मंगल मुखिया की पत्नी के श्राद्धकर्म में शामिल होने गए थे।
नदी पार करने के दौरान हादसा
ग्रामीणों के अनुसार, श्राद्धकर्म में शामिल होने के बाद मनेजर रात में घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरहा नदी पार करते समय उन्हें पानी कम होने का अनुमान हुआ। नदी पार करने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद गुरुवार दोपहर नदी से मनेजर का शव बरामद किया गया।
स्वजन में मचा कोहराम
मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। पत्नी लालसा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मनेजर की तीन बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी निकू (22) और रीना कुमारी (20) की शादी हो चुकी है।
छोटी बेटी मीना कुमारी अभी अविवाहित है। पिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर योगापट्टी थानाध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह, एसआइ कल्याण कुमार सिंह और 112 पुलिस के एएसआइ बीरबल यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया गया है।
