विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Champaran : दियारे में फिर छिड़ी वर्चस्व की जंग, लाठी-डंडे चले तो चली गई मुकेश की जान, पांच लोग घायल

By Sunil AnandEdited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 10 Sep 2026 10:53 AM (IST)

पश्चिम चंपारण के भगवानपुर घाट पर गंडक के दियारे में भूमि पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के नौतन में घटना स्थल पर जुटी भीड़।

पश्चिम चंपारण के नौतन में घटना स्थल पर जुटी भीड़।

HighLights

  1. गंडक के दियारे में भूमि कब्जे को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत हुई।

  2. नौतन प्रखंड के मुकेश यादव की मौत, पांच लोग गंभीर रूप से घायल।

  3. प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद, शराब तस्करी से भी जुड़ाव सामने आया।

संवाद सूत्र, नौतन (पश्चिम चंपारण) । पश्चिम चंपारण और गोपालगंज की सीमा के बीच से होकर बह रही गंडक नदी के भगवानपुर घाट पर दियारे की जमीन पर कब्जे और वर्चस्व को लेकर गुरुवार की सुबह पांच बजे के आसपास दो पक्ष आपस में भिड़ गए।

दोनों ओर से लाठी-डंडे चले। इसमें नौतन प्रखंड की बरदाहां पंचायत के वार्ड 13, मड़ुआहा गांव निवासी सिपाही यादव के पुत्र मुकेश यादव (25) की मौत हो गई। दोनों पक्षों के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें मृतक के पिता सिपाही यादव और भाई मुकुंद यादव को भी गंभीर चोट लगी है।

सभी घायलों को उपचार के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मड़ुआहां निवासी गजेंद्र यादव और बनहौरा निवासी मुकुंद यादव को हिरासत में लिया है।

सदर एसडीपीओ-दो राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों में भूमि का विवाद सामने आया है। आवेदन मिलने पर कांड दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करेगी।

बताया जाता है कि सिपाही यादव और गिरि उर्फ रवींद्र यादव पट्टीदार हैं। भगवानपुर दियारे में इनकी खेती-किसानी हैं और परिवार के सदस्य वहां भी रहते हैं। दरअसल, बुधवार की देर शाम में भगवानपुर घाट पर नाव पार कराने को लेकर विवाद हुआ था।

गुरुवार की सुबह में मारपीट में बदल गया। इसमें पुराना प्रकरण भी सामने आ गया। हालांकि, यहां नाव पर उत्तर प्रदेश से शराब की खेप भी आती है। घटना को इससे भी जोड़ा जा रहा।

दो वर्ष पूर्व शराब के धंधे के वर्चस्व में हुई थी गोली मारकर हत्या

27 जुलाई, 2024 की रात में शराब धंधे के वर्चस्व को लेकर नौतन थाना क्षेत्र के खापटोला निवासी बुलेट पटेल की हत्या गोली मारकर की गई थी। शव बैरिया थाना क्षेत्र के बथना घाट के पास मिला था।

नदी के रास्ते नाव से शराब पार कराने को लेकर दो गुटों में विवाद चल रहा था। नदी घाट पर वर्चस्व को लेकर हत्या हुई थी। मृतक के पिता रामचंद्र पटेल ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।