West Champaran : बहू को करंट लगा तो बचाने दौड़ी सास, दोनों करंट की चपेट में आईं, बहू की मौत
पश्चिम चंपारण में छप्पर से कपड़े उतारते समय एक महिला बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी ...और पढ़ें

रोते बिलखते मृत महिला के स्वजन । जागरण।
HighLights
छप्पर से कपड़े उतारते समय बहू शकुंतला देवी को लगा करंट।
बचाने दौड़ी सास सुमित्रा देवी भी करंट की चपेट में आईं।
हादसे में बहू की मौत, तीन बच्चे हुए अनाथ।
संवाद सूत्र, चौतरवा (पश्चिम चंपारण)। छप्पर से कपड़े उतारना एक परिवार के लिए गुरुवार को जिंदगी भर का दर्द दे गया। कपड़ा उतारते समय अचानक शकुंतला देवी विद्युत तार की चपेट में आ गई। उसे तड़पता देख सास सुमित्रा देवी बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
हादसे में शकुंतला देवी की मौत हो गई, जबकि सास को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कपड़ा उतारते समय लगा करंट
चौतरवा थाना क्षेत्र की पतिलार पंचायत के वार्ड नंबर 10 स्थित चैनपुर निवासी साहेब यादव की पत्नी शकुंतला देवी (32) गुरुवार को अपने घर के छप्पर से कपड़े उतार रही थीं। इसी दौरान वह विद्युत की चपेट में आ गईं। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई।
बचाने गई सास भी आई चपेट में
बहू को करंट की चपेट में देख सास सुमित्रा देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं। इसी दौरान वह भी विद्युत स्पर्शाघात की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। स्वजन ने आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
नदी किनारे झोपड़ी में रहता है परिवार
बताया जाता है कि साहेब यादव का परिवार चौतरवा हरहा नदी के किनारे एक झोपड़ी में रहता है। हादसे की परिस्थितियों को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक जांच के बाद शकुंतला देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
शकुंतला देवी के परिवार में उनकी एक पुत्री सलोनी कुमारी और दो पुत्र आदित्य कुमार व अंकुश कुमार हैं। मां की मौत से तीनों बच्चों का सहारा छिन गया। हादसे के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों के बीच मातम पसरा हुआ है।
