चनपटिया में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
चनपटिया में मोबाइल बनवाने निकले 24 वर्षीय बंटी तिवारी का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल ...और पढ़ें

रोती बिलखती मृतक की मां । फोटो: जागरण
संवाद सूत्र, जागरण, चनपटिया (पश्चिम चंपारण) । मोबाइल बनवाने के लिए गुरुवार की शाम घर से निकले घोघा तिवारी टोला निवासी राधेश्याम तिवारी के पुत्र बंटी तिवारी (24) का करीब 12 घंटे बाद शव मिला। शुक्रवार सुबह पांच बजे घर से 200 मीटर की दूरी पर गांव के ही राजेश तिवारी के गन्ने के खेत में आम के पेड़ से शव लटक रहा था।
लाल रंग की रस्सी का फंदा था, मृतक के पैर जमीन से महज चार ईंच ऊपर थे। स्वजन ने भूमि विवाद में हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया। घटनास्थल की परिस्थिति और मृतक के स्वजन के बयान के आधार पर पुलिस आत्महत्या एवं हत्या की गुत्थी को सुलझाने में लगी है।
पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव मृतक के स्वजन को सौंप दिया है। गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि अभी तक स्वजन ने आवेदन नहीं दिया है, मिलने पर प्राथमिकी की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हत्या और आत्महत्या की गुत्थी सुलझेगी।
मृतक की मां रेणु देवी ने बताया कि मोबाइल बनवाने के लिए बंटी घर से 2500 रुपये लेकर घोघा चौक पर गया था। रुपये और मोबाइल नहीं मिले। गले में सोने की हनुमानी व चांदी की चेन थी, दोनों गायब हैं। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर स्वजन ने खोजबीन शुरू की।
रातभर परिवार के लोग और ग्रामीण उसे तलाशते रहे, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह घर से 200 मीटर की दूरी पर पेड़ से शव लटका मिला। बंटी, राधेश्याम तिवारी का इकलौता पुत्र था। खेती-किसानी व दूध बेचकर परिवार की आर्थिकी में सहयोग करता था। वह पेंटिंग का काम भी जानता था। कभी-कभार पेंटिंग के लिए जम्मू-कश्मीर भी जाता रहा है।
ननिहाल में ढाई कट्ठा भूमि को लेकर मौसी से चल रहा विवाद
मृतक की मां का सगा भाई नहीं है। उनकी एक बहन अंतिमा देवी की शादी गीधा पंचायत के चौबे टोला में हुई है। पहले दोनों बहनों के बीच रिश्ता अच्छा था। इनके मायके की ढाई कट्ठा भूमि बेतिया-मैनाटांड़ मार्ग में घोघा चौक के समीप है। उसकी कीमत काफी बढ़ गई है। उस भूमि को लेकर दोनों बहनों में खटपट हुई।
रेणु देवी ने उस भूमि को अपने पुत्र के नाम कर दिया, जबकि उनकी बहन ने दो अन्य लोगों को रजिस्ट्री कर दी है। इस विवाद में दो माह पूर्व बंटी अपनी मां को लेकर गोपालपुर थाने में शिकायत करने के लिए गया था, लेकिन पुलिस ने भूमि विवाद बताकर अंचल में जाने की सलाह देकर लौटा दिया था।
