अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी परिवार की सलामती की दुआ
बगहा। चौतरवा में लोकआस्था का चार दिवसीय सूर्यषष्ठी (छठ) पर्व शांतिपूर्ण माहौल में रविवार को उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्यदान के साथ संपन्न हो गया।
बगहा। चौतरवा में लोकआस्था का चार दिवसीय सूर्यषष्ठी (छठ) पर्व शांतिपूर्ण माहौल में रविवार को उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्यदान के साथ संपन्न हो गया। क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जहां शनिवार की शाम अस्ताचलगामी व रविवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्यदान किया गया। वहीं शनिवार की पूरी रात आतिशबाजी से वातावरण गूंजता रहा। रविवार की सुबह पटाखों की आवाज के साथ हुई। वहीं चौबरिया के शकीला खातून का मनौती पूरा होने पर संकल्पित दो साल का छठ व्रत भी पूरा हो गया। उन्होंने बताया कि मेरे लिए सभी धर्म समान है। आस्था बड़ी चीज होती है। मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता है। चौतरवा व परसौनी के बंगलाभाषी समुदाय के लोगों में भी छठ व्रत के प्रति हरेक साल आकर्षण बढ़ता जा रहा है। रतवल छठिया घाट पर रविवार के अहले सुबह से ही नवयुवक संघ द्वारा लोगों के लिए मुफ्त चाय व पानी की व्यवस्था की गई थी। रतवल, मझौवा, तरकुलवा, सिसवा, बरीअरवा, पतिलार, चौतरवा, इंगलिशिया समेत सभी छोटे बड़े छठ घाटों पर सशस्त्र बल तैनात रहे। थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने बताया कि जहां पानी की गहराई अधिक थी, वहां लाल झंडा व बैरिकेडिग के अलावा पुलिस बल की तैनाती की गई थी।