West Champaran : रेलवे स्टेशन के पास दिखा बाघ, गांवों में माइकिंग कर अलर्ट हुआ वन विभाग
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर रोड रेलवे स्टेशन के पास एक बाघ देखा गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई ...और पढ़ें
-1786280013204_m.webp)
वन विभाग की ओर से गांव में किया जा रहा प्रचार-प्रसार। जागरण
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। जंगल से निकलकर रिहायशी और मैदानी इलाकों में लगातार चहलकदमी कर रहा बाघ अब वाल्मीकिनगर रोड रेलवे स्टेशन के आसपास तक पहुंच गया है।
शनिवार रात वन विभाग की टीम को स्टेशन के समीप बाघ दिखाई देने के बाद ग्रामीण इलाकों में दहशत बढ़ गई। इसके बाद मदनपुर वन प्रशासन ने आसपास के गांवों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील शुरू कर दी है। वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं।
स्टेशन के पास दिखा बाघ
तिरहुत नहर के निकट सरेह में बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद मदनपुर वन क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान शनिवार रात वन विभाग की टीम ने वाल्मीकिनगर रोड रेलवे स्टेशन के पास बाघ को देखा। इसके बाद विभाग ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी।
गांवों में माइकिंग से सावधानी
बाघ की गतिविधियों को देखते हुए रामपुर, रमनीबेलास, नीतीश नगर, गोबरहिया और दुधौरा सहित आसपास के गांवों में माइकिंग कराई जा रही है। ग्रामीणों को जंगल और उससे सटे खेतों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है। लोगों से विशेष रूप से सुबह और शाम के समय सतर्क रहने को कहा गया है।
रघिया जंगल से निकला था बाघ
बताया गया कि वीटीआर के रघिया जंगल से निकला यह बाघ पिछले कुछ दिनों से रामनगर प्रखंड के रिहायशी और मैदानी इलाकों में घूम रहा था। अब इसके मदनपुर वन क्षेत्र की ओर पहुंचने की सूचना है। लगातार अलग-अलग स्थानों पर इसकी मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग ने निगरानी और गश्त बढ़ा दी है।
समूह में खेत जाने की सलाह
मदनपुर वन क्षेत्र के रेंजर नसीम अंसारी ने बताया कि बाघ की चहलकदमी की सूचना मिल रही है। ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जरूरी होने पर लोग समूह में खेतों की ओर जाएं और अंधेरा होने से पहले घर लौट आएं। मवेशियों को जंगल की ओर नहीं ले जाने और रात में उन्हें सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की भी अपील की गई है।
गतिविधियों पर वन विभाग की नजर
वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। जंगल से सटे इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है और लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
