विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : वृद्ध पर हमला कर खेत में छिपा बाघ, फिर रोचक अंदाज में पकड़ा गया

Published: Mon, 17 Aug 2026 04:42 PM (IST)

चितवन के पिपले देउराली गांव में जंगल से निकले बाघ ने एक वृद्ध और गाय पर हमला कर दिया। वनकर्मियों ...और पढ़ें

पकड़े गए बाघ को ले जाते निकुंज के सुरक्षाकर्मी : सौजन्य- चितवन निकुंज प्रशासन

पकड़े गए बाघ को ले जाते निकुंज के सुरक्षाकर्मी : सौजन्य- चितवन निकुंज प्रशासन 

संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण)। जंगल से निकलकर गांव में पहुंचे बाघ ने एक वृद्ध पर हमला कर दिया। इसके बाद बथान में घुसकर गाय को भी निशाना बनाया। घटना से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। हालांकि, कई घंटे की मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने बाघ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

वृद्ध पर किया हमला

घटना रविवार सुबह चितवन के राप्ती नगर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर एक स्थित पिपले देउराली गांव की है। चितवन जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी सह डीएसपी चंद्रभूषण यादव के अनुसार, बाघ चितवन राष्ट्रीय निकुंज के वन क्षेत्र से निकलकर गांव में पहुंचा था। वहां उसने 60 वर्षीय ठाकुर अधिकारी पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गाय पर भी किया हमला

वृद्ध पर हमला करने के बाद बाघ पास के बथान में घुस गया। वहां बंधी गाय पर भी हमला कर दिया। बाघ की गतिविधि से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर उसे भगाने का प्रयास किया। लोगों के शोर और हलचल के बाद बाघ धान के खेत की ओर भाग गया।

हाथी के साथ पहुंची टीम

घटना की सूचना पुलिस और चितवन राष्ट्रीय निकुंज के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों और चिकित्सकों की टीम हाथी के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने धान के खेत में बाघ की तलाश शुरू की और उसके मूवमेंट को ट्रैक किया।

डार्ट कर किया बेहोश

काफी खोजबीन के बाद सुरक्षाकर्मियों ने बाघ को धान के खेत में खोज निकाला। इसके बाद विशेषज्ञों ने उसे डार्ट कर बेहोश किया। बेहोश होने के बाद बाघ को सुरक्षित कब्जे में लेकर सौराहा लाया गया।

स्वास्थ्य की हुई जांच

चितवन राष्ट्रीय निकुंज के सूचना अधिकारी अविनाश थापा मगर ने बताया कि पकड़े गए बाघ का चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह भी मेघौली में एक वृद्ध व्यक्ति पर हमला करने वाले बाघ को पकड़ा गया था।