भूमि विवाद में गरजी बंदूक, तीन जख्मी
मझौलिया/सरिसवा : थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार को दो पक्षों में गोली चलने से तीन लोग जख्मी हो गए हैं।
बेतिया। मझौलिया/सरिसवा : थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार को दो पक्षों में गोली चलने से तीन लोग जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज एमजेके अस्पताल बेतिया में हो रहा है। थानाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया की हरपुर गांव के विजय मणि शुक्ला के पुत्र झुन्नु शुक्ला एवं रौशन शुक्ला तथा उनके पोते दिलखुश शुक्ला को गोली लगी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टुनटुन तिवारी और शुभम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। झून्नू के हाथ व पेट तथा अन्य को कान तथा शरीर के कई अंगों पर गोली लगी है। घटना का कारण बंटवारे की जमीन का विवाद बताया जा रहा है। गोली चलाने वालों में श्याम तिवारी एवं किशन तिवारी के नाम आ रहा है। घायलों के परिजनों का कहना है कि सुबह से ही उनकी जमीन को जबरन कब्जा करने का प्रोग्राम आरोपियों द्वारा बनाया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद वे लोग जैसे ही अपनी जमीन के पास पहुंचे आरोपियों ने अवैध एक नाली बंदूक से दो गोलियां फायर की। जिससे एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की सुचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम को लेकर घटनास्थल पर पहुंच जांच में जुट गए। इस घटना को लेकर पूरे तिरवाह क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। एक तरफ छठ महापर्व की धूम धाम एवं खरीदारी में लोग व्यस्त हैं, वहीं इस गोलीबारी से आसपास के लोग काफी सकते में है। घायलों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।