सलमान खान के घर हुई फायरिंग मामले में लॉरेंस गिरोह से जुड़ा बिहार के इस गांव का कनेक्शन, अबतक 8 हो चुके हैं गिरफ्तार
बिहार के पश्चिम चंपारण में मसही गांव का खेल मैदान वीरान है। वहां अब युवक खेलने नहीं जा रहे। अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार गांव के विक्की और सागर का नाम सुनते ही गांव के लोग मोबाइल बंद कर लेते हैं। अगर सामने बात करने का प्रयास किया गया तो रास्ता बदल दे रहे हैं।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज/ गौनाहा (पश्चिम चंपारण)। अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने के आरोप में पश्चिम चंपारण के मसही गांव से गिरफ्तार विक्की और सागर का नाम सुनते ही गांव के लोग मोबाइल बंद कर लेते हैं। अगर सामने से बात करने का प्रयास किया गया, तो रास्ता बदल ले रहे हैं।
मामले में अब तक गांव के सात युवक समेत कुल आठ क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में पहुंच गए हैं। गांव के लोगों में अब इस बात का डर समाया हुआ है कि इसके बाद किसकी बारी है।
अपराधियों के गिरफ्त में जाने के बाद भी गांव समाज में साफ चेहरा लेकर गांव के अपने मित्रों और परिचितों से संपर्क बनाए रखने वाले शूटर सागर और विक्की की करतूत से यहां भय सा माहौल बन गया है। कई जवाब तो भूमिगत हो गए हैं।
अभिभावकों को सता रही अपने बच्चों की चिंता
अभिभावकों में इस बात कि चिंता सता रही है कि अब कौन-कौन युवक उनके संपर्क में पाए जा रहे हैं। हालांकि गांव के लोगों को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच पर भरोसा है कि बाद में धराएं पांच लोगों के विरुद्ध इस बड़ी घटना में पुख्ता सबूत होने पर ही क्राइम ब्रांच कार्रवाई करेगी।
गांव के होने के नाते सागर और विक्की से मोबाइल पर बातचीत और टिकट बनाने जैसे आपसी सहयोग लंबे समय से लोग करते रहे हैं। हलाकि अब कोई लड़का फोन से कहीं बात कर रहा है तो अभिभावक उसे मना कर रहे हैं। किससे बात की, उसकी तहकीकात भी कर रहे हैं।
क्या कहते हैं ग्रामीण?
लोगों का कहना है कि यदि सागर और विक्की के परिजन उनपर नजर रखते तो शायद नहीं इतनी बड़ी घटना घटती और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से नाम जुड़कर पूरे गांव को बदनाम न होना पड़ता। लोगों का कहना है कि क्राइम ब्रांच की टीम पहली बार जब आई तो खलीफ, अंकित और सुनील से पूछताछ कर चली गई।
दोबारा जब गांव में पहुंची तो उन्हें साथ लेकर गई, जिससे प्रतीत होता है कि ये विक्की और सागर के सबसे नजदीक रहे हैं। जिसकी जानकारी क्राइम ब्रांच की टीम को लगी होगी। उनके साथ कुल पांच लोगों को मुंबई पुलिस ले गई है। गांव का खेल का मैदान इस घटना के बाद सुना पड़ा है। बच्चे खेलने के लिए नहीं जा रहे हैं। अभिभावकों का उन पर शिकंजा है।
गांव के युवाओं की कम हुई चहल-पहल
गांव में भी युवाओं का एक दूसरे से मिलना जुलना कम हो गया है। विक्की और सागर के साथ क्रिकेट खेलने वाले युवाओं से उनके अभिभावक बार-बार पूछ रहे हैं। उन दोनों (सागर और विक्की) से पैसे की लेनदेन तो नहीं हुई। फोन पर कभी बात तो नहीं की...।
छोटे से गांव में अंतरराष्ट्रीय गिरोह के तार की चर्चा
छोटे से गांव में अंतरराष्ट्रीय गिरोह से तार जुड़ जाने के बाद चौक चौराहे पर चर्चा है। कुछ लोगों ने बताया कि मंझरिया चौक पर भी विक्की और सागर का उठना बैठना होता था।
विक्की के पिता साहेब ने बताया कि सोनू और विक्की से बातें नहीं हो रही है। क्राइम ब्रांच की टीम पर पूरा भरोसा है कि निष्पक्षता से जांच करेगी। गांव के जिस चौराहे पर दुकान के पास युवाओं की भीड़ लगी रहती थी। आज सुनी पड़ी है।
इधर मुखिया प्रतिनिधि शोवालाल ने बताया कि यह घटना गांव और जवार में चर्चा का विषय बनी हुई है। निर्दोष इससे बाहर निकलेंगे। ऐसा पूरा विश्वास है।
यह भी पढ़ें: Manish Kashyap : भाजपा में शामिल हुए मनीष कश्यप, BJP में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी; क्या अब लड़ेंगे चुनाव?