शिक्षक ने किया पांचवी कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म, लोगों ने किया हंगामा
बिहार के पश्चिमी चंपारण में एक शिक्षक ने पांचवी कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मेडिकल कराने में देरी होने पर आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया।
पश्चिमी चंपारण [जेएनएन]। गर्मी की छुट्टी में छात्रवृत्ति का फार्म भरवाने का बहाना बनाकर एक शिक्षक पांचवी कक्षा की छात्रा को स्कूल ले गया। शिक्षा के मंदिर में छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। जब छात्रा बेहोश हो गयी और गांव के लोग पहुंच गये तो वह वहां से भाग गया। घटना बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा की है। घटना के बाद मेडिकल कराने में देरी से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया।
दरअसल, नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव की पांचवीं कक्षा की छात्रा से छेड़खानी का मामला अब दुष्कर्म में तब्दील हो गया है। इस मामले में पीड़िता के बयान पर पॉक्सो एक्ट के तहत पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मंगलवार की सुबह बयान दर्ज कराने के लिए पीड़िता को लेकर बगहा व्यवहार न्यायालय पहुंची पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोग पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगा रहे थे।
आक्रोशित लोगों ने करीब आधे घंटे तक हंगामा किया। उनका कहना था कि पुलिस जानबूझ कर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही। दूसरी ओर पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद पुलिस पीड़िता के बयान के लिए उसे लेकर बेतिया लेकर रवाना हो गई।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पीड़िता के विद्यालय का शिक्षक फार्म भरवाने के बहाने उसे लेकर स्कूल पहुंचा। जहां उसके साथ उसने दुष्कर्म किया। जिससे पीड़िता बेहोश हो गई। घटना के वक्त पीड़िता का पिता मौके पर पहुंचा और शोर मचाया। जिसके बाद जुटे ग्रामीणों ने विद्यालय में जमकर हंगामा किया।