बादलों की ओट से निकले सूर्यदेव, कनकनी बरकरार
बगहा। बीते कुछ दिनों से सर्द पश्चिमी हवाओं ने जीना मुहाल कर दिया है। पूरे दिन हवाओं का रुख कायम रहने से घर से निकलना भी मुश्किल है।
बगहा। बीते कुछ दिनों से सर्द पश्चिमी हवाओं ने जीना मुहाल कर दिया है। पूरे दिन हवाओं का रुख कायम रहने से घर से निकलना भी मुश्किल है। सुबह व संध्या पहर आसमान कोहरे की चादर से ढंक जाता। जिससे वाहनों की आवाजाही कम हो जाती है। ठंड से लोगों का हाल बेहाल हो कर रह गया है। शहर से लेकर गांव तक स्थिति एक जैसी ही है। इस बीच ठंड से बचाव के लिए अलाव का ही सहारा है। शुक्रवार को दोपहर बाद धूप निकलने से राहत जरूर मिली, लेकिन बादलों के साथ सूर्य की लुकाछिपी के खेल ने लोगों को चैन नहीं लेने दिया। हालांकि बढ़ती ठंड को देखते हुए प्राथमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। साथ ही उच्चतर कक्षाओं में पठन-पाठन व आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में भी परिवर्तन कर दिया गया है। इसके बावजूद बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी असुविधा हो रही है। बाजारों में गर्म कपड़े स्वेटर सहित ऊनी शॉल की बिक्री बढ़ गई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल हालत ऐसी है कि लोग खेती और अन्य काम के लिए भी निकलने में खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। मौसमी बीमारियों का प्रभाव भी अब नजर आने लगा है। सर्दी, खांसी, बुखार , कोल्ड डायरिया आदि बीमारियां अब अपना प्रभाव दिखा रही हैं। हालांकि भीषण ठंड को देखते हुए नगर परिषद प्रबंधन ने अलाव की व्यवस्था की है। सभापति जरीना खातुन के निर्देश पर सभी चौक-चौराहों पर अलाव जलाया जा रहा है। जिससे कामकाजी लोगों को काफी राहत मिल रही।