पश्चिम चंपारण में पानी के विवाद को लेकर चीनी मिल कर्मी की फरसे से हत्या, भाई घायल
रामनगर के पकड़ी गांव में खेत में पानी पटाने को लेकर हुए विवाद में हरिनगर चीनी मिल के कर्मी मैनेजर मांझी की फरसे से हमला कर हत्या कर दी गई।

रामनगर में पानी विवाद को लेकर चीनी मिल कर्मी की फरसे से हत्या, भाई घायल
HighLights
खेत में पानी विवाद को लेकर हुई हत्या।
चीनी मिल कर्मी मैनेजर मांझी की फरसे से हत्या।
हमले में भाई गुड्डू मांझी गंभीर रूप से घायल।
संवाद सूत्र, रामनगर। रामनगर थाना क्षेत्र से जुड़े पकड़ी गांव में मंगलवार की सुबह नौ बजे खेत में पानी पटाने को लेकर हुए विवाद में फरसे से हमला कर हरिनगर चीनी मिल के कर्मी की हत्या कर दी गई। घटना में उसका भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान स्व. सुरेश मांझी के 35 वर्षीय पुत्र मैनेजर मांझी के रूप में हुई है। घायल छोटा भाई 30 वर्षीय गुड्डू मांझी का इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है।
घटना की सूचना पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में प्रयुक्त फरसा भी बरामद किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
बताया जाता है कि खटौरी गांव निवासी प्रसाद मांझी खिरिया सरेह में बटाई पर लिए गए अपने धान के खेत का पानी देखने गए थे। वहां उन्होंने देखा कि जुड़ा पकड़ी निवासी भगेलू चौधरी ने नहर से खेत तक आने वाले पइन का पानी बांध दिया है।
प्रसाद ने पइन खोल दिया। इसी दौरान भगेलू चौधरी अपने बेटे चंदन चौधरी व कृष्णा चौधरी के साथ वहां पहुंचा और जातिसूचक गाली देते हुए प्रसाद मांझी के साथ मारपीट करने लगा।
प्रसाद घर लौटे और स्वजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उनके भतीजे स्व. सुरेश मांझी के पुत्र मैनेजर मांझी, गुड्डू मांझी, प्रसाद मांझी व उनकी भाभी जुड़ा पकड़ी गांव पहुंचे। आरोपितों के घर के सामने एक व्यक्ति के दरवाजे पर घटना को लेकर बातचीत चल रही थी।
इसी दौरान आरोप है कि चंदन चौधरी ने जातिसूचक गाली देते हुए फरसा से मैनेजर और गुड्डू के सिर पर हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
स्वजन दोनों को सीएचसी रामनगर ले गए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मैनेजर मांझी की मौत हो गई।
आरोपित भगेलू चौधरी और कृष्णा चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है। - सत्येंद्र राम, एसडीपीओ, रामनगर
