विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगहा में चीनी मिल कर्मी की संदिग्ध हालात में मौत, कमरे से मिला शव

By Gaurav Verma Edited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 06 May 2026 03:21 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के रामनगर स्थित चीनी मिल के एक कर्मी विद्या प्रकाश शुक्ल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके क्वार्टर ...और पढ़ें

घटना की सूचना पर विलाप करते स्वजन।  जागरण

घटना की सूचना पर विलाप करते स्वजन। जागरण 

संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिम चंपारण)। रामनगर के मिलबहुअरी स्थित सी-टाइप क्वार्टर में बुधवार की सुबह चीनी मिल के एक कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला अंतर्गत रविंद्रनगर थाना क्षेत्र के बेलही शुक्ल गांव निवासी रामशंकर शुक्ल के 45 वर्षीय पुत्र विद्या प्रकाश शुक्ल उर्फ राजन शुक्ल के रूप में की गई है। वह हरिनगर चीनी मिल के इंजीनियरिंग विभाग में वेल्डर के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक का परिवार बच्चों की छुट्टी के कारण अपने पैतृक गांव बेलही शुक्ल, कुशीनगर गया हुआ था।

स्वजन के अनुसार, उनसे रोजाना फोन पर बातचीत होती थी, लेकिन मंगलवार रात को कई बार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ, जिससे स्वजन की चिंता बढ़ गई।

स्वजन के पहुंचने पर टूटा दरवाजा, अंदर मिला शव

बुधवार सुबह परिवार के सदस्य यूपी से रामनगर पहुंचे और क्वार्टर पर गए। वहां दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, थानाध्यक्ष दीपक कुमार, एसआई साहेब अली समेत अन्य पुलिस बल पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां बाथरूम के समीप विद्या प्रकाश का शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पर्दाफाश हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन छानबीन की जा रही है। इधर, इस घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और क्वार्टर परिसर में शोक का माहौल बना हुआ है। विद्या प्रकाश शुक्ल लंबे समय से चीनी मिल में कार्यरत थे और उनके दो पुत्र हैं।