जाम में फंसी एसपी की गाड़ी, परेशान रहे जवान
बगहा। नगर में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। गुरुवार को एसपी की गाड़ी भी जाम में फंस गई।
बगहा। नगर में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। गुरुवार को एसपी की गाड़ी भी जाम में फंस गई।
गुरुवार को गन्ना लदे वाहनों व मौनी अमावस्या को लेकर नगर में वाहनों की काफी भीड़ रही। इसी बीच एसपी भी अपनी गाड़ी के साथ निकले। जैसे ही उनकी गाड़ी भार्गवी काम्पलेक्स के पास पहुंची। वह भी फंस गई। ये देख उनके सुरक्षा में चल रहे जवानों ने मोर्चा संभाला। जवानों के प्रयास के बाद गाड़ी वहां से निकली। लगभग 20 मिनट तक गाड़ी जाम में फंसी रही।
नगर में जाम की समस्या आम बात हो गई। हर दिन लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जाम में फंसने रहने के कारण लोग समय से अपना काम निबटा नहीं पा रहे हैं। लोगों को मिनटों की दूरी घंटों में तय करनी पड़ रही है। नगर में जाम की समस्या का प्रमुख कारण ओवरब्रिज का न बनना है। इसके अलावा अवैध स्टैंड व दुकानों के सामने अतिक्रमण भी है। इस समस्या की तरफ किसी का ध्यान भी नहीं जाता है। रेलवे ढाला के बंद होते ही लोगों को इस भीषण ठंड में पसीने छूटने लगते हैं कि अब तो उन्हें जाम से निजात नहीं मिलने वाली।
--------------
जनप्रतिनिधियों को नहीं मतलब
जाम की समस्या से यहां के जनप्रतिनिधियों को कोई मतलब नहीं। सिर्फ आश्वासन मिलता है। प्रशासन भी कभी भी अवैध स्टैंड या दुकानों के सामने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान नहीं चलाता है। जिससे उनका मनोबल बढ़ा है। जब तक जनप्रतिनिधि व अधिकारी गंभीर नहीं होंगे। इस समस्या का समाधान नहीं होने वाला है।