पॉलीथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध, पकड़े गए तो भरना होगा जुर्माना
गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में स्थाई सशक्त समिति की एक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सभापति जरीना खातून ने एवं संचालन उप सभापति जितेंद्र कुमार राव ने किया।
बगहा। गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में स्थाई सशक्त समिति की एक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सभापति जरीना खातून ने एवं संचालन उप सभापति जितेंद्र कुमार राव ने किया। बैठक में मुख्य सचिव दीपक कुमार द्वारा आदेश के आलोक में से नगर में पॉलीथीन पर पूर्णत: प्रतिबंध को लेकर चर्चा हुई। चर्चा में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रतिबंध पर सहमति जताई। प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया गया है। 50 माइक्रोन से कम पॉलीथीन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंध के उपरांत भी अगर कोई इसकी बिक्री करता पाया गया या उपयोग करता मिला तो नप प्रबंधन जुर्माना वसूल करेगा। ईओ संतोष कुमार रजक ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में पूरे राज्य में ही सरकार प्रतिबंध लगा रही है। इसकी पहल पहले नगर इसके उपरांत गांव में होना है। उप सभापति ने पॉलिथीन से मानव जीवन पर प्रभाव के साथ इससे पर्यावरण पर होने वाले खतरे को भी बताया। समिति के सदस्यों ने नगर के सभी 35 वार्ड को ओडीएफ करने के लिए स्थानीय लोगों को जागरूक करने का निर्णय करते हुए हर हाल में घर घर शौचालय निर्माण करते हुए नगर को स्वच्छ रखने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही नगर में लगे सभी हाईमास्ट लाइट को मरम्मत करते हुए नगर के चौक चौराहों पर पसरे अंधेरे को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही नगर के सभी वार्ड को सफाई करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए सहमति बनी। बताया गया की अब तक केवल 31 वार्डों में सफाई होती है। अब सभी वार्ड की सफाई के लिए आवश्यक कदम उठाया जायेगा। इसके साथ नगर के विकास के लिए अन्य योजनाओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिया गया। बैठक में दयानंद बैठा, जूगनु आलम आदि सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।