पश्चिमी चंपारण में कार की टक्कर से इंटर के छात्र की मौत, अस्पताल में स्वजन ने किया हंगामा
पश्चिमी चंपारण के रामनगर-भैरोगंज मुख्य सड़क पर कार की टक्कर से 18 वर्षीय इंटर के छात्र अनिसुर रहमान की मौत ...और पढ़ें

मृतक के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
HighLights
रामनगर में कार की टक्कर से छात्र की मौत।
मृतक अनिसुर रहमान कंप्यूटर क्लास जा रहा था।
स्वजनों ने अस्पताल में हंगामा किया, जांच जारी।
संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिमी चंपारण)। West Champaran Road Accident: रामनगर-भैरोगंज मुख्य सड़क पर मोतीपुर पुल के समीप गुरुवार सुबह कार की टक्कर से इंटर के छात्र की मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुड़िया फुलवरिया निवासी शमीम अहमद के 18 वर्षीय पुत्र अनिसुर रहमान के रूप में हुई है। हादसे के बाद नाराज स्वजन और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा किया।
कंप्यूटर क्लास जा रहा था
जानकारी के अनुसार, अनिसुर रहमान गुरुवार सुबह करीब सात बजे साइकिल से कंप्यूटर क्लास करने नगर की ओर जा रहा था।
इसी दौरान मोतीपुर पुल के पास तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय राहगीरों की मदद से उसी कार से घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। कार चालक भी अस्पताल तक पहुंचा था।
वहां मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी राजेश कुमार ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया।
चालक कार लेकर फरार
किशोर की मौत की खबर मिलते ही कार चालक मौका देखकर वाहन लेकर फरार हो गया। कुछ ही देर में मृतक के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। स्वजन और ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज से कार चालक की पहचान कराने की मांग की।
सीएचसी के गार्ड पर कार चालक को भगाने का आरोप भी लगाया गया। हंगामे की सूचना पर एसडीपीओ सत्येंद्र राम और थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सीएचसी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर सीसीटीवी फुटेज दिखाया।
सीसीटीवी से पहचान की कोशिश
एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की पहचान की जा रही है। आवेदन के आलोक में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर स्वजन और स्थानीय ग्रामीणों में अभी भी आक्रोश है। मृतक के घर में मातम पसरा है। अनिसुर इंटरमीडिएट का छात्र था और तीन बहनों व दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
यह भी पढ़ें- बेतिया में छठियार की खुशियां मातम में बदलीं, खौलते तेल से झुलसी बच्ची की मौत पर अस्पताल में हंगामा
