होमगार्ड जवानों ने भरी हुंकार
अपनी मांगों के समर्थन में होमगार्ड जवानों ने गुरुवार को जिला समादेष्टा कार्यालय में धरना दिया।
बेतिया। अपनी मांगों के समर्थन में होमगार्ड जवानों ने गुरुवार को जिला समादेष्टा कार्यालय में धरना दिया। बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ के बैनर तले आयोजित धरने में होमगार्ड जवानों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। जवानों ने अपने हक के लिए सरकार के खिलाफ हुंकार भी भरी। धरना सभा को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष नीतीश कुमार मिश्र ने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले के आलोक में बिहार सरकार द्वारा समान काम समान भत्ता तो दिया जा रहा है, लेकिन जवानों की अन्य सुविधाओं के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय डेलीगेट संजय कुमार राव ने कहा कि बिहार पुलिस के समान जवानों को जब तक सारी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होगी, सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश की तिथि से होमगार्ड जवानों को पुलिस की तरह अन्य सुविधाएं दिया जाए। सचिव सुबोध कुमार तिवारी ने कहा कि गृह रक्षकों की सेवानिवृत्ति का लाभ डेढ़ लाख रुपए अभिलंब सरकार दे। संघ के नेताओं ने ई-कमान की विसंगतियों को सुधार करते हुए शत-प्रतिशत लागू करने की मांग की। नेताओं ने कहा की मांगों के समर्थन में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी के समक्ष धरना दिया जाएगा। अगर इसके बाद भी सरकार नहीं चेती तो 28 फरवरी को पटना में होमगार्ड जवान धरना देंगे। इस दौरान जवानों का प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन समादेष्टा को सौंपा। धरना में जवानों ने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले को शत-प्रतिशत लागू नहीं किया गया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। धरना में कोषाध्यक्ष रामायण ¨सह, कार्यालय सचिव रमेश प्रसाद, केंद्रीय डेलीगेट संपूर्णानंद तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य संतोष पांडे, प्रकाश चंद्र राव, अशोक शुक्ला, उपाध्यक्ष शेख अब्दुल्लाह, सेवानिवृत्त गृहरक्षक फ्रांसिस अंथोनी, नरेंद्र वर्मा सहित कई गृहरक्षक मौजूद रहे।