धरती मां की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी
मनुष्य अपने सुख, विलासिता व एक-दूसरे से आगे बढ़ने की होड़ में प्रकृति प्रदत्त चीजों का दोहन करते जा रहा है।
बेतिया। मनुष्य अपने सुख, विलासिता व एक-दूसरे से आगे बढ़ने की होड़ में प्रकृति प्रदत्त चीजों का दोहन करते जा रहा है। जिसके कारण पृथ्वी का स्वरूप दिन-प्रतिदिन बदलते जा रहा है। नतीजतन तापमान में बढ़ोतरी, ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं हमारे सामने चुनौती के रूप में खड़ी हो गई है। पृथ्वी को बचाने के लिए पहले हम को पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त करने की बीड़ा उठानी होंगी। उक्त बातें पृथ्वी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण मित्र डॉल्फिन क्लब के प्रभारी रेनी पीटर हेनरी ने कही। वे शहर के केआर उच्च विद्यालय परिसर में रविवार को पृथ्वी दिवस कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी तीन मां होती हैं। पहली मां जो हमें जन्म देती हैं, दूसरी हमारी ईश्वर जिसे हम पूजते हैं और तीसरी धरती मां है। जिससे हमारा अस्तित्व बना हुआ है। इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी है कि एक वफादार संतान होने के नाते अपने मां की रक्षा करें। पृथ्वी मां की अस्तित्व को बचाए रखने के लिए पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त करने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पृथ्वी दिवस के अवसर पर प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण बनाने का संकल्प लेना होगा। सभी को प्लास्टिक का बहिष्कार करना होगा। किसी भी अवसरों पर पौधा लगाने, सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करने, अपने आसपास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखकर ही पर्यावरण को दूषित होने से बचा सकते हैं। श्री पीटर ने छात्रों को अपने आसपास के लोगों से भी पौधे लगाने, साफ-सफाई रखने और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करने की बात कही। केवल विश्व पृथ्वी दिवस के दिन ही कुछ खास कार्यक्रम आयोजन कर देने से पृथ्वी को नहीं बचाया जा सकता है, अपितु इसके लिए इस दिन शपथ लेनी होगी कि हम पर्यावरण के प्रति हमेशा गंभीर रहेंगे। खुद के साथ औरों को भी पर्यावरण को बचाने के लिए प्रेरित करेंगे। मौके पर श्रुति कुमारी, सिद्धि कुमारी, रुद्रदेव कौस्तुभ, सचिन रेहान, सुशीला कुमारी, नेहा कुमारी, दीपा कुमारी, रवि कुमार, अर¨वद कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।