स्वच्छता व जलजमाव से शहर को मुक्ति दिलाना प्राथमिकता
नगर विकास एवं आवास विभाग बिहार सरकार द्वारा नगर परिषद बेतिया के नए कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में विजय कुमार उपाध्याय को पदास्थापित किया है।
बेतिया। नगर विकास एवं आवास विभाग बिहार सरकार द्वारा नगर परिषद बेतिया के नए कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में विजय कुमार उपाध्याय को पदास्थापित किया है। गुरुवार को उन्होंने अपना पदभार संभाल लिया है। निवर्तमान कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार पवन का स्थानांतरण नगर एवं आवास विभाग पटना में किया गया है। नवागत ईओ ने पत्रकारों को बताया कि नगर परिषद क्षेत्र की साफ-सफाई एवं जलजमाव के साथ नागरिक सुविधा निर्विध्न रूप से उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभापति गरिमा देवी सिकारिया उपसभापति कयूम अंसारी एवं कर्मियों की उपस्थिति में प्रभार का आदान प्रदान किया गया। तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार पवन ने नवागत कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार उपाध्याय को अपना प्रभार सौंपा। इसको लेकर नगर परिषद में काफी गहमागहमी रही। नये ईओ का स्वागत तथा पुराने को विदाई देने में वार्ड पार्षद एवं कर्मचारी व्यस्त रहे।