दंगल में बनारस के पहलवानों का रहा दबदबा
पिपरासी प्रखंड के मुडाडीह पंचायत स्थित उच्च विद्यालय घोड़हवा के खेल मैदान में शनिवार को दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
पश्चिम चंपारण। पिपरासी प्रखंड के मुडाडीह पंचायत स्थित उच्च विद्यालय घोड़हवा के खेल मैदान में शनिवार को दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 46 जोड़ी पहलवानों ने जोर-आजमाइश की। उद्घाटन वाल्मीकिनगर विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिकू सिंह, पिपरासी प्रखंड प्रमुख यशवंत नारायण यादव, बिशुनपुरा प्रमुख विक्रमा यादव, भितहा प्रमुख शेख सहाबुल, मधुबनी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मन्नू सिंह चंदेल, अध्यक्ष यशवंत प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह आदि के द्वारा फीता काटकर किया गया। मौके पर थानाध्यक्ष संजय कुमार यादव, सीओ फहीमुद्दीन अंसारी, बीडीओ बीके राम, पूर्व प्रमुख उदय प्रताप सिंह समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से यूपी के हरिहर पहलवान तथा बिहार के राजू पहलवान के हाथ मिलाकर दंगल का शुभारंभ किया। दंगल में चार महिला पहलवानों ने भी जोर आजमाइश किया। यूपी की महिला पहलवान नंदनी कुमारी तथा अमृता कुमारी के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। जिसमें नंदनी विजयी रही। दूसरी महिला पहलवान कुशीनगर की अमृता सिंह तथा अनामिका के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें अनामिका विजयी थी। दंगल में बनारस के पहलवानों का दबदबा रहा। कुशीनगर केसरी बच्चन पहलवान और मदहवा दियारे के सिपाही पहलवान के बीच भी रोचक मुकाबला हुआ। जो बराबरी पर छूटा। बरवा के संजय यादव और रामकोला के पहलवान मोनू यादव के बीच दंगल हुआ। जिसमें संजय यादव को सिर में गंभीर चोट लग गई। रेफरी की भूमिका बीएमपी के जवान जनार्दन यादव तथा कुशीनगर के खेल अधिकारी सुरेंद्र यादव ने निभाई। मौके पर मधुबनी प्रखंड के पूर्व प्रमुख उदय प्रताप सिंह, सुजीत सिंह, नीरज सिंह, सरपंच दिनेश्वर तिवारी, कैलाश गुप्ता, स्थानीय मुखिया नर्सिंग बैठा, मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र चौहान, एसआइ उमेश यादव, कपिलदेव पासवान समेत कई अन्य मौजूद थे।