मुजफ्फरपुर से परीक्षा देकर भाई के साथ घर लौट रही थी छात्रा, बेतिया में ट्रक ने कुचला
बेतिया में एनएच-727 पर हुए सड़क हादसे में पीजी की छात्रा दिव्या भारती की मौत हो गई। ट्रक की चपेट ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के बेतिया में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।
HighLights
बेतिया में पीजी छात्रा दिव्या भारती की सड़क हादसे में मौत।
एनएच-727 पर ट्रक की चपेट में आने से हुई दुर्घटना।
भाई सौरभ कुमार समेत दो अन्य बाइक सवार गंभीर घायल।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। शहर के बीचोंबीच एनएच-727 पर स्टेशन चौक और हरिवाटिका चौक के बीच रविवार की शाम सड़क हादसे में पीजी की छात्रा दिव्या भारती (25) की मौत हो गई।
सेंट्रल बैंक शाखा के समीप बाइक से साइड लेने के दौरान ट्रक की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। दिव्या अपने भाई सौरभ कुमार (21) के साथ बाइक से घर लौट रही थी।
दुर्घटना में सौरभ समेत दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जीएमसीएच पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दिव्या को मृत घोषित कर दिया। सौरभ का इलाज चल रहा है, जबकि दूसरे घायल बाइक सवार को उसके परिजन निजी अस्पताल ले गए। मृतका बानुछापर थाना क्षेत्र के छावनी निवासी शंभू राम की पुत्री थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मुजफ्फरपुर से परीक्षा देकर लौट रही थी दिव्या
परिजनों ने बताया कि दिव्या भारती मुजफ्फरपुर में पीजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देने अपने भाई सौरभ के साथ बाइक से गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे।
स्टेशन चौक और हरिवाटिका चौक के बीच सेंट्रल बैंक के समीप पहुंचे, तभी स्टेशन चौक की ओर से तेज रफ्तार में एक बाइक आती दिखाई दी।
उससे साइड लेने के दौरान उनकी बाइक असंतुलित हो गई और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में दिव्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई और दूसरी बाइक का सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है। चालक की पहचान की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उधर, हादसे के बाद मृतका के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने एनएच पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और गति सीमा का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
