पश्चिम चंपारण में चनपटिया की MO को बेतिया व बैरिया का अतिरिक्त प्रभार, दुकान बंद मिली या स्टॉक में गड़बड़ी तो खैर नहीं
पश्चिम चंपारण में राशन वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चनपटिया की प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दामिनी कुमारी को बेतिया सदर और बैरिया का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

चनपटिया की प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दामिनी कुमारी।
HighLights
दामिनी कुमारी को बेतिया सदर, बैरिया का अतिरिक्त प्रभार।
राशन वितरण व्यवस्था की अब होगी कड़ी निगरानी।
अनियमितता मिलने पर दुकानदारों के विरुद्ध होगी कार्रवाई।
संवाद सूत्र, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। राशन वितरण में लापरवाही, दुकान बंद रखने या स्टॉक में गड़बड़ी करने वाले जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब राशन वितरण व्यवस्था पर निगरानी और सख्त होगी।
चनपटिया की प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दामिनी कुमारी को बेतिया सदर और बैरिया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सोमवार को उन्होंने बेतिया सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में योगदान दिया। इसके साथ ही तीनों प्रखंडों में राशन वितरण व्यवस्था को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी उनके पास होगी।
कार्यालय पहुंचते ही ली जानकारी
योगदान देने के बाद दामिनी कुमारी ने कार्यालय के कर्मियों से जन वितरण प्रणाली की दुकानों के संचालन और राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
दुकानों की होगी नियमित जांच
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन वितरण प्रणाली की दुकानों की नियमित जांच की जाएगी। इस दौरान राशन के स्टॉक और वितरण पंजी का मिलान किया जाएगा। इससे उपलब्ध राशन और लाभुकों के बीच उसके वितरण की स्थिति का पता लगाया जा सकेगा। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत मिलने पर होगी पड़ताल
दामिनी कुमारी ने कहा कि दुकान बंद रखने, राशन वितरण में लापरवाही बरतने और स्टॉक में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लाभुकों से भी अपील की कि राशन लेने में परेशानी होने या वितरण में किसी तरह की अनियमितता मिलने पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे समय रहते समस्या का समाधान किया जा सकेगा और पात्र लाभुकों को उनका हक मिल सकेगा।
