बैरिया में वृद्ध महिला की गोली मार हत्या, सनसनी
श्रीनगर थाना क्षेत्र के श्रीनगरटांड गांव में गुरुवार की रात में वृद्ध महिला की गोली मार हत्या कर दी है।
बेतिया। श्रीनगर थाना क्षेत्र के श्रीनगरटांड गांव में गुरुवार की रात में वृद्ध महिला की गोली मार हत्या कर दी है। मृतका की पहचान श्रीनगरटांड़ निवासी लंगटू बीन की पत्नी विश्वकली देवी (65) के रूप में की गई है। गोली महिला के पेट में मारी गई है। घटना की सूचना पर पहुंची श्रीनगर पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि आधे घंटे बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस लाश को पोस्टमार्टम कराने के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज भेज दी। घटना का कारण पूर्व का विवाद बताया जा रहा है। मृतक के पति लगटू बीन ने अपने पड़ोसी हीरा मुखिया समेत अन्य लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। श्रीनगर थानाध्यक्ष खालिद अख्तर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वृद्ध महिला मवेशियों के लिए अलाव जला रही थी। इसी दौरान पड़ोसी हीरा मुखिया वहां आया। वह नशे में था और गोली मारकर फरार हो गया।