नेपाल से भारत भेजे जाने थे 801 शालिग्राम पत्थर, बार्डर पर पुलिस ने तस्करों की चाल बिगाड़ी
भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल पुलिस ने 801 शालिग्राम पत्थरों की तस्करी की कोशिश नाकाम कर दी। तस्कर पुलिस को देखते ...और पढ़ें

बरामद शालिग्राम पत्थर : सौजन्य : नेपाल पुलिस प्रशासन
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर 801 शालिग्राम पत्थर जब्त।
नेपाल पुलिस की सतर्कता से तस्कर हुए फरार।
बरामद पत्थरों की कीमत 3.20 लाख रुपये आंकी गई।
संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करों की एक और कोशिश नेपाल पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गई। भारतीय सीमा क्षेत्र में भेजने के लिए बड़ी संख्या में शालिग्राम पत्थरों को बोरे में भरकर रखा गया था।
पुलिस की गश्ती टीम को देखते ही तस्कर मौके से भाग निकले। जांच के दौरान प्लास्टिक के बोरों से 801 शालिग्राम पत्थर बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई गई है।
सड़क किनारे दिखे लावारिस बोरे
जिला पुलिस कार्यालय पश्चिम नवलपरासी के सूचना अधिकारी सह डीएसपी मदन थापा ने बताया कि सोमवार की शाम कुड़िया पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी बी गैप बांध के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पत्थरकला के समीप सड़क किनारे कुछ प्लास्टिक के बोरे लावारिस हालत में दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ तो बोरों की जांच की गई।
बोरे खोले तो निकले शालिग्राम
जांच के दौरान बोरों के अंदर शालिग्राम पत्थर मिले। गिनती करने पर कुल 801 शालिग्राम बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, इन्हें अवैध तरीके से भारतीय सीमा क्षेत्र में भेजने की तैयारी थी।
पुलिस को देखते ही फरार हुए तस्कर
पुलिस की गतिविधि की भनक लगते ही तस्कर शालिग्राम से भरे बोरे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
3.20 लाख रुपये आंकी गई कीमत
बरामद शालिग्राम पत्थरों की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी पत्थरों को जिला पुलिस कार्यालय पहुंचाया। आवश्यक कार्रवाई के लिए बाद में इन्हें महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया गया।
सीमा पर तस्करी को लेकर सतर्कता
घटना के बाद सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शालिग्राम पत्थरों को कहां से लाया गया था और भारतीय सीमा में इन्हें किसके पास पहुंचाया जाना था।
