विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंखों के सामने बह गए तीन दोस्त, भटकते हुए बिहार पहुंचा प्रमोद पंडित; बदहवास हालत में सुनाई आपबीती

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:22 PM (IST)

नेपाल में त्रिशूली नदी की आपदा में अपने तीन दोस्तों को बहते हुए देखने के बाद बचे प्रमोद पंडित, कई ...और पढ़ें

बगहा में आपबीती सुनाते झारखंड के धनबाद के सिसानी गांव निवासी प्रमोद पंडित।

बगहा में आपबीती सुनाते झारखंड के धनबाद के सिसानी गांव निवासी प्रमोद पंडित।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। त्रिशूली नदी की वह भयावह तस्वीर प्रमोद पंडित की आंखों से हट नहीं रही है। कुछ पल पहले तक साथ रहे तीन दोस्त अचानक पानी की तेज धार में समा गए। उन्हें बचाने की कोशिश भी काम नहीं आई।

अपनी जान बचाकर कई दिनों तक ऊंचे स्थान पर छिपा रहा प्रमोद अब भटकते-भटकते बुधवार को बिहार के बगहा पहुंचा। बदहवास हालत में उसने जब आपबीती सुनाई तो वहां मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।

तीन दोस्तों के साथ गया था नेपाल

झारखंड के धनबाद जिले के सिसानी गांव निवासी प्रमोद पंडित करीब तीन महीने पहले अपने तीन दोस्तों पिंटू कुमार, संदीप कुमार और राम कुमार के साथ बिजली का तार खींचने के काम के लिए नेपाल के त्रिशूली क्षेत्र गया था। 26 अगस्त को अचानक आपदा की स्थिति बनी। अनाउंसमेंट के बाद वह दोस्तों के साथ सुरक्षित स्थान की ओर भागा और ऊंचे स्थान पर पहुंच गया।

बचाने की कोशिश की, पर बह गए साथी

प्रमोद के अनुसार उसने अपने तीनों दोस्तों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते तीनों उससे अलग हो गए। उसकी आंखों के सामने पिंटू, संदीप और राम कुमार पानी में बह गए। इसके बाद प्रमोद कई दिनों तक ऊंचे स्थान पर छिपकर अपनी जान बचाता रहा।

डर के बीच बीते कई दिन

आपदा के बाद आसपास हुई मौतों और लगातार बने भय के कारण प्रमोद बेहद परेशान रहा। वह जिस स्थान पर शरण लिए हुए था, उसकी सही पहचान भी नहीं कर पा रहा था। कई दिनों तक वहीं रहने के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी मदद की। अलग-अलग वाहनों से सफर करते हुए वह बीरगंज पहुंचा।

ट्रक से हरनाटांड़, फिर पैदल बगहा

बीरगंज से किसी ट्रक पर सवार होकर प्रमोद हरनाटांड़ पहुंचा। वहां से पैदल चलकर बगहा-दो प्रखंड कार्यालय पहुंच गया। बुधवार को लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उसकी बदहवास हालत देखकर उसे सीओ वसीम अकरम के पास ले जाया गया।

परिवार तक सूचना पहुंचाने में जुटी पुलिस

सीओ ने मामले की जानकारी तत्काल बगहा एसडीएम को दी। इसके बाद पटखौली थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि मजदूर के बताए विवरण के आधार पर उसके परिवार तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।