विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण: सरकारी और निजी मदरसों की जांच शुरू, भूमि कागजातों की हुई पड़ताल

Published: Mon, 08 Jun 2026 04:00 PM (GMT+05:30)

बिहार के नौतन अंचल क्षेत्र में सोमवार को अंचलाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत प्रशासनिक अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने सभी सरकारी व निजी मदरसों की सघन जांच की।

सरकारी व निजी मदरसों की जांच शुरू, अभिलेखों व भूमि कागजातों की हुई पड़ताल

सरकारी व निजी मदरसों की जांच शुरू, अभिलेखों व भूमि कागजातों की हुई पड़ताल

HighLights

  1. नौतन में प्रशासनिक अधिकारियों ने की संयुक्त जांच

  2. छात्र संख्या और शिक्षकों के दस्तावेजों की पड़ताल

  3. अनियमितता पाए जाने पर होगी सख्त विभागीय कार्रवाई

संवाद सूत्र, नौतन। अंचल क्षेत्र में संचालित सरकारी एवं निजी मदरसों की जांच सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की। जांच दल में अंचलाधिकारी अलका कुमारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) रियाज अहमद, नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान तथा जगदीशपुर थानाध्यक्ष नितेश कुमार शामिल रहे।

बीईओ रियाज अहमद ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में क्षेत्र के सभी मदरसों की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य संस्थानों की स्थिति, आवश्यक सुविधाओं और संभावित कमियों का आकलन करना है।

जांच के दौरान मदरसों में नामांकित छात्रों की संख्या, पंजीकरण संख्या, शिक्षकों की संख्या तथा उनके निवास संबंधी जानकारी की पड़ताल की गई। साथ ही यह भी देखा गया कि मदरसे के नाम हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं में प्रदर्शित हैं या नहीं।

अधिकारियों ने मदरसों की आय-व्यय संबंधी अभिलेखों के अलावा भूमि से जुड़े दस्तावेजों का भी अवलोकन किया। आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन कर संस्थानों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

कई मदरसा संचालकों ने मौके पर ही दस्तावेज उपलब्ध कराए, जबकि कुछ ने आवश्यक कागजात अंचल कार्यालय में जमा कराने की बात कही।

अंचलाधिकारी अलका कुमारी ने बताया कि मदरसों के दस्तावेजों के सत्यापन समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या गलत दस्तावेज पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जांच अभियान के दौरान क्षेत्र के मदरसा संचालकों के बीच हलचल और सतर्कता का माहौल देखा गया।