नेशनल साइंस क्विज में चमकेंगे बिहार के 3 छात्र, 27 से 29 नवंबर तक गोरखपुर में मुकाबला
Gorakhpur Science Competition 2026: नरकटियागंज के गोदावरी देवी रामचंद्र प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर के तीन छात्रों ने विज्ञान प्रश्न मंच ...और पढ़ें

बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिमी चंपारण)। Narkatiaganj Students National Science Quiz: जिले के नरकटियागंज स्थित गोदावरी देवी रामचंद्र प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानी बाजार के तीन मेधावी छात्रों ने विज्ञान प्रश्न मंच प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह पक्की कर ली है।
चयनित छात्रों में पीयूष कुमार पटेल, आदित्य राज कुशवाहा और रोशन कुमार शामिल हैं।
गोरखपुर में होगा राष्ट्रीय मुकाबला
ये तीनों छात्र आगामी 27 से 29 नवंबर तक गोरखपुर के पक्की बाग स्थित विद्या भारती के प्रथम विद्यालय में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बच्चों की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय में सम्मान समारोह
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित छात्रों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय खेलकूद, वैदिक गणित और संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिताओं में चयनित बच्चों की भी सराहना की गई।
आचार्यों और शिक्षकों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान प्रतियोगिता में छात्रों की सफलता में विज्ञान आचार्य प्रेमचंद्र मिश्रा के अहम योगदान को सराहा गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वाणी कांत झा ने छात्रों की इस सफलता का श्रेय उनके निरंतर अभ्यास, आचार्यों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के मिले सहयोग को दिया है।
