नरकटियागंज में 7 एकड़ में बनेगा आधुनिक स्टेडियम, सीओ ने किया निरीक्षण
पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थित नोनिया टोला में सिंहेश्वर प्रसाद वर्मा स्टेडियम के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। ...और पढ़ें

स्टेडियम निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अंचल अधिकारी ने परिसर का जायजा लिया।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Narkatiaganj Stadium Construction News: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज स्थित नोनिया टोला में सिंहेश्वर प्रसाद वर्मा स्टेडियम के भव्य निर्माण की राह साफ हो गई है।
स्टेडियम निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अंचल अधिकारी (सीओ) शमन प्रकाश ने परिसर का जायजा लिया।
पैमाइश के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी ने मौके पर मौजूद राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन को निर्देश दिया। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर पूरे परिसर की पैमाइश कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
विधायक के प्रयास से मिली मंजूरी
टाउन क्लब के सचिव सुनील वर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार पांडेय के निरंतर प्रयासों से इस भव्य स्टेडियम के निर्माण की स्वीकृति मिली है। स्टेडियम परिसर में लगभग सात एकड़ भूमि उपलब्ध है।
अतिक्रमण मुक्त होगी जमीन
पैमाइश के दौरान स्टेडियम की भूमि पर किए गए किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर पूरी जमीन को खाली कराया जाएगा।
27 पंचायतों को मिलेगा लाभ
नरकटियागंज क्षेत्र की 27 पंचायतों के बीच यह एकमात्र और सबसे मुख्य खेल मैदान है। यहां के स्थानीय खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं।
मिलेगी आधुनिक सुविधा
सात एकड़ भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमताओं को निखारने में काफी मदद मिलेगी।
