नरकटियागंज में स्कूल से लौट रही छात्रा पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में जीएमसीएच रेफर
नरकटियागंज में स्कूल से लौट रही नौवीं की छात्रा पर धारदार हथियार से हमला हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से ...और पढ़ें

नरकटियागंज में जख्मी छात्रा को एंबुलेंस पर बैठाते स्वजन। फोटो: जागरण
HighLights
स्कूल से लौट रही छात्रा पर धारदार हथियार से हमला।
गर्दन पर गंभीर चोट, बेतिया जीएमसीएच रेफर किया गया।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, संदिग्ध स्थिति।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Narkatiaganj Crime News: जिले के नरकटियागंज में स्कूल से घर लौट रही नौवीं कक्षा की एक छात्रा पर धारदार हथियार से हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
छात्रा मतिसरा कुंअर स्कूल से दोपहर करीब एक बजे छुट्टी के बाद साइकिल से अपने गांव लौट रही थी। रास्ते में तरहरवा कुट्टी के समीप पोखर किनारे वह गर्दन पर गंभीर जख्म के साथ लहूलुहान हालत में पाई गई।
कंप्यूटर क्लास के लिए उसी रास्ते से गुजर रही छोटी बहन ने सड़क किनारे साइकिल गिरी देखकर खोजबीन शुरू की। पोखर के तट पर बड़ी बहन को घायल अवस्था में देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए।
अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक रंजन ने बताया कि छात्रा के गर्दन के अगले हिस्से में गहरा जख्म था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में छात्रा द्वारा स्वयं को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है, लेकिन जख्म की गंभीरता और हालात को देखते हुए मामला संदिग्ध बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और अधिकारियों को जांच के लिए मौके पर भेजा गया।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
