नरकटियागंज के निजी क्लीनिक में गर्भवती की मौत, परिजन ने लगाया लापरवाही का आरोप
नरकटियागंज के एक निजी क्लीनिक में पांच माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

गर्भवती की मौत के बाद हंगामा करते स्वजन।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Narkatiaganj Pregnant Woman Death: जिले के नरकटियागंज नगर स्थित कृषि बाजार रोड के एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान पांच माह की गर्भवती की मौत हो गई।
मृतका की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के टेड़ीकुइया गांव निवासी सोनी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित स्वजनों ने क्लीनिक में हंगामा किया।
डीएनसी के लिए रुपये जमा
स्वजनों के अनुसार, सोनी देवी पांच माह की गर्भवती थी और तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे क्लीनिक लाया गया था। उनका आरोप है कि चिकित्सक ने डीएनसी के लिए 30 हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद स्वजनों ने 20 हजार रुपये जमा किए, जिसके बाद इलाज शुरू हुआ।
इलाज के दौरान ही महिला की मौत हो गई। स्वजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने महिला को बेतिया ले जाने की बात भी कही थी, लेकिन उसे रेफर नहीं किया गया।
डॉक्टर और कर्मी फरार
महिला की मौत के बाद चिकित्सक और क्लीनिक के कर्मी वहां से चले गए। इसके बाद आक्रोशित स्वजनों ने क्लीनिक में हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पर शिकारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
आवेदन मिलने पर कार्रवाई
अपर थानाध्यक्ष अंबेश कुमार ने बताया कि मामले में अब तक कोई आवेदन नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि परिजनों से आवेदन देने को कहा गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
