विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नरकटियागंज में 24 अगस्त से 10 सितंबर तक तीन घंटे गुल रहेगी बिजली, पोल शिफ्टिंग का होगा काम

Published: Sun, 23 Aug 2026 06:57 PM (IST)

Bihar Bijli News: नरकटियागंज में सड़क चौड़ीकरण के कारण 24 अगस्त से 10 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 6 से 9 ...और पढ़ें

पोल-तारों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम भी शुरू किया जा रहा है। फाइल फोटो

पोल-तारों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम भी शुरू किया जा रहा है। फाइल फोटो

HighLights

  1. नरकटियागंज में 24 अगस्त से 10 सितंबर तक बिजली कटौती।

  2. सड़क चौड़ीकरण के कारण प्रतिदिन तीन घंटे बिजली गुल रहेगी।

  3. सरकारी छुट्टियों में बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।

संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Narkatiaganj Power Cut: शहर में बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) की देखरेख में निर्माण एजेंसी रित्विक एसआरके ज्वाइंट वेंचर द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।

नई सड़क की चौड़ाई को ध्यान में रखते हुए विद्युत संरचनाओं और पोल-तारों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम भी शुरू किया जा रहा है।

इस तकनीकी कार्य के कारण शहर में 24 अगस्त से 10 सितंबर तक प्रतिदिन तीन घंटे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।

सुबह होगी बिजली कटौती

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के एसडीओ सूचित कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शहर में करीब 700 मीटर लंबाई तक पोल और तारों की शिफ्टिंग की जानी है।

निर्माण कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने और कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह बिजली कटौती अनिवार्य की गई है। इस आदेश के तहत प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से सुबह 9:00 बजे तक शहर के संबंधित क्षेत्रों में पावर कट रहेगा।

छुट्टियों में नहीं कटौती

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि इस पूरी अवधि के दौरान पड़ने वाले सरकारी अवकाश के दिनों में बिजली नहीं काटी जाएगी।

छुट्टियों के दिनों में बिजली की आपूर्ति सामान्य दिनों की तरह चौबीसों घंटे चालू रखी जाएगी ताकि लोगों को असुविधा न हो।

विद्युत अधिकारियों ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सुबह के समय पानी भरने और अन्य जरूरी घरेलू कार्य कटौती शुरू होने से पहले ही निपटा लें।