West Champaran : 35 फीट ऊपर रंग रहा था रेलवे की पानी टंकी, अचानक गिरा पेंटर और चली गई जान
नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पर पानी की टंकी की रंगाई करते समय 35 फीट की ऊंचाई से गिरने से एक मजदूर ...और पढ़ें

अस्पताल परिसर में रोती बिलखती मृत मजदूर की पत्नी। जागरण
HighLights
नरकटियागंज में पानी टंकी से गिरकर मजदूर की मौत।
35 फीट की ऊंचाई से गिरने पर हुआ दर्दनाक हादसा।
परिजनों ने सुरक्षा बेल्ट न मिलने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार को रंगाई-पुताई का काम कर रहे एक मजदूर के लिए करीब 35 फीट की ऊंचाई पर चढ़ना जानलेवा साबित हुआ।
पावर हाउस के समीप पानी टंकी की रंगाई के दौरान अचानक नीचे गिरने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। साथी मजदूर आनन-फानन में उसे रेलवे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से स्वजन अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
रंगाई के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के धूमनगर गांव के वार्ड संख्या चार निवासी विक्रम मुखिया (52) के रूप में हुई है। बताया गया कि विक्रम अन्य मजदूरों के साथ रेलवे की पानी टंकी की रंगाई-पुताई करने के लिए ऊपर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 35 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए।
साथी मजदूरों ने पहुंचाया अस्पताल
विक्रम के टंकी से गिरते ही वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। साथी मजदूरों ने तत्काल उन्हें उठाया और इलाज के लिए समीप स्थित रेलवे अस्पताल पहुंचाया। वहां से स्वजन उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद चंद्र शुक्ला ने जांच के बाद विक्रम को मृत घोषित कर दिया।
सेफ्टी बेल्ट नहीं मिलने का आरोप
मृतक के पुत्र रमेश मुखिया ने आरोप लगाया कि उनके पिता को पानी टंकी की ऊंचाई पर काम करने के दौरान सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराया गया था। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा उपकरण मिला होता तो हादसे को टाला जा सकता था। घटना के बाद स्वजन शव लेकर घर चले गए। मामले को लेकर परिवार में मातम पसरा हुआ है।
