नरकटियागंज बलथर मार्ग पर 40 घंटे बाद आवागमन चालू, आंधी में पेड़ गिरने से ठप थी बिजली
Tree Fall Bihar News: नरकटियागंज-बलथर मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम आंधी से गिरे विशाल पेड़ को 40 घंटे बाद हटा ...और पढ़ें

करीब 40 घंटे तक मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा था। फोटो: जागरण
संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Narkatiaganj Balthar Road: नरकटियागंज-बलथर मुख्य मार्ग पर सफर करने वाले राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए राहत की बड़ी खबर है।
भसुरारी पंचायत के कटघरवा गांव के पास सोमवार की शाम आई तेज आंधी के कारण सड़क पर गिरा विशालकाय पेड़ आखिरकार बुधवार को हटा दिया गया है।
इस घटना के बाद करीब 40 घंटे तक मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा।
प्रशासनिक सुस्ती और उपेक्षा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में भारी आक्रोश देखा गया, जिसके बाद हरकत में आए अंचल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मार्ग को दोबारा सुचारू कराया है।
दो दिनों से कई गांवों की बत्ती गुल
सोमवार की शाम आई तेज आंधी की वजह से कटघरवा गांव के समीप एक विशाल पेड़ धाराशायी होकर मुख्य सड़क पर गिर गया था। पेड़ गिरने से सड़क तो जाम हुई ही, साथ ही बिजली का पोल और तार भी टूटकर जमीन पर आ गिरे।
इस वजह से इलाके के कई गांवों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। उमस भरी गर्मी के बीच बिना बिजली के ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया।
इसे लेकर भसुरारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार, राहगीर लवली कुमार, ग्रामीण शीश आलम, सोहन डोम, इकबाल खान और हरि डोम समेत कई लोगों ने गहरा रोष व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना था कि इतनी बड़ी समस्या के बाद भी स्थानीय पदाधिकारी लंबे समय तक मूकदर्शक बने रहे। दो दिनों तक केवल दोपहिया और तिपहिया वाहन ही खेतों के रास्ते किसी तरह निकल पा रहे थे, जबकि बड़े वाहनों की कतारें लगी रहीं।
मौके पर पहुंची अंचल टीम
बुधवार को मामले की गंभीरता और सूचना मिलने पर नरकटियागंज के अंचलाधिकारी (CO) सुधांशु शेखर ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मौके पर राजस्व पदाधिकारी अशोक कुमार और राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार को दलबल के साथ घटना स्थल पर भेजा।
राजस्व पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी (JCB) और कटर मशीन की मदद से बेहद मशक्कत के बाद उस विशाल पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया।
पेड़ हटने के बाद ही बुधवार को करीब 40 घंटे बाद इस मुख्य मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह सामान्य और सुचारू हो सका है। विभाग अब बिजली संकट को भी दूर करने के प्रयास में जुटा है।
