पैक्स चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी, नामांकन पत्रों की जांच शुरू
बगहा। रामनगर प्रखंड में पैक्स चुनाव के लिए कुल 13 पैक्सों से 185 लोगों का नामांकन हुआ है। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 47 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है।
बगहा। रामनगर प्रखंड में पैक्स चुनाव के लिए कुल 13 पैक्सों से 185 लोगों का नामांकन हुआ है। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 47 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। वहीं प्रबंध समिति के लिए 138 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। इसमें अध्यक्ष पद पर चार महिला प्रत्याशी भी इस चुनावी मैदान में हिस्सा लेने के लिए नामांकन की हैं। प्राप्त आवेदनों पर संवीक्षा का कार्य शनिवार से शुरू हो गया है। निर्वाची पदाधिकारी सह सीओ विनोद मिश्रा ने बताया कि नामांकन के पहले दिन बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए 14 नामांकन हुए थे। वहीं प्रबंध समिति के सदस्य पद पर 22 प्रत्याशियों समेत कुल 36 आवेदकों का नामांकन हुआ था। गुरुवार को 11 अध्यक्ष व 32 समिति के साथ कुल 43 और अंतिम दिन 22 अध्यक्ष पद के लिए नामांकन हुआ। जबकि इस दिन प्रबंध समिति के 84 सदस्य पद के लिए नामांकन हुए हैं। इनके संवीक्षा का काम रविवार तक होगा। जबकि नाम वापसी व प्रतीक चिन्ह का आवंटन मंगलवार 10 दिसंबर को किया जाएगा। बता दें कि निर्वाचन का कार्य आगामी 17 दिसंबर को होगा। जबकि मतों की गिनती 18 तारीख को होगी।
तीन पैक्सों में निर्विरोध हो सकती है जीत :-
प्रखंड के तीन पैक्सों में निर्विरोध जीत की संभावना बढ़ गई है। स्क्रूटनी कार्य में लगे एआरओ सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि दोन क्षेत्र के नौरंगिया पैक्स, बनकटवा करमहिया व गुदगुदी पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए मात्र एक-एक प्रत्याशी हीं इस मैदान में हैं। इनके विरोध में दूसरा कोई आवेदक नहीं है। ऐसे में इनके निर्विरोध जीत की संभावना बढ़ गई है। हालांकि नामांकन पत्रों के संवीक्षा के बाद हीं इसमें कुछ कहा जा सकता है।
अलग-अलग कोटि में है नामांकन :-
अध्यक्ष पद के लिए कुल 47 जिसमें 43 पुरुष चार महिला, सामान्य प्रबंध समिति के सदस्य कुल 73 जिसमें सामान्य पुरुष 43, महिला 30, इसके अलावा पिछड़ा वर्ग में कुल 18 जिसमें 11 पुरुष एवं सात महिला, अति पिछड़ा वर्ग में कुल 22 जिसमें 15 पुरुष व सात महिला, अनुसूचित जाति व जनजाति में कुल 25 जिसमें 16 पुरुष व नौ महिलाओं का नामांकन हुआ है।
बयान :
संवीक्षा के बाद हीं कुछ कहा जा सकता है। इस कार्य के लिए अधिकारी व कर्मी लगाए गए है। सभी अपना कार्य कर रहे हैं।
विनोद मिश्रा, आरओ पैक्स निर्वाचन