मानसून ने दी दस्तक, हुई मूसलाधार बारिश
हरनाटांड़। शुक्रवार की रात में मानसून ने दस्तक दे दी। इसी के साथ झमाझम बारिश आरंभ हो गई है। शुक्रवार और शनिवार को लगातार दो दिन तक बारिश होने से क्षेत्रवासियों को उमस भरी प्रचंड गर्मी से काफी राहत मिली है।
हरनाटांड़। शुक्रवार की रात में मानसून ने दस्तक दे दी। इसी के साथ झमाझम बारिश आरंभ हो गई है। शुक्रवार और शनिवार को लगातार दो दिन तक बारिश होने से क्षेत्रवासियों को उमस भरी प्रचंड गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम जानकारों के अनुसार मानसून ने तराई क्षेत्र में दस्तक दे दी है। यहीं कारण है कि हर तरह लगातार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से अभी निजात मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। हरनाटांड़ सहित थरुहट क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। हरनाटांड़ की सभी सड़कें जलमग्न हो गई। इस दौरान शनिवार को हरनाटांड़ के अधिकतर दुकानें बंद रही। आमतौर पर मेडिकल, होटल व कुछ जरूरत की दुकानें ही खुली रहीं। इधर ग्रामीण क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद गन्ने की फसल को जीवन दान मिला है। जबकि धान के बिचड़े को भी काफी राहत मिली है। हालांकि बीते दिनों लगातार धूप और गर्मी पड़ रही थी। जिसकी वजह से अभी तक अधिकतर किसानों के बिचड़े तैयार नहीं हो पाए हैं। हालांकि नहर के किनारे व जिन्होंने पंप सेट से पानी पटाकर बिचड़ा तैयार होने पर रोपनी के लिए बढि़या मौसम मिला है। अगर एक सप्ताह के अंदर फिर से बारिश हो जाती है तो अब किसान धान की रोपाई में जुट जाएंगे। हालांकि इधर लगातार हो रही बारिश से मौसम में काफी बदलाव आया है। पिछले दिनों लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। इस बारिश से खेतों में पानी लग गया है और साथ ही फसलों को जीवनदान मिला है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप