मझौलिया में साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई, म्यूल अकाउंट से धोखाधड़ी करने वाले दो युवक गिरफ्तार
मझौलिया पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में दो युवकों, आरिफ आलम और सहवाज आलम को म्यूल अकाउंट के माध्यम ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
संवाद सूत्र, जागरण, मझौलिया (पश्चिम चंपारण)। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मझौलिया पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया।
दोनों की गिरफ्तारी मझौलिया-सुगौली मुख्य मार्ग पर चीनी मिल गेट के समीप से की गई। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जौकटिया थाना क्षेत्र के स्वर्गीय यासीन मियां के पुत्र आरिफ आलम (19) और अमजद आलम के पुत्र सहवाज आलम (19) के रूप में हुई है।
पुलिस को सात सितंबर को दोनों युवकों के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। वरीय पदाधिकारियों को सूचना से अवगत कराने के बाद निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने चीनी मिल गेट के समीप छापेमारी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चार मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, पांच एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक म्यूल अकाउंट खरीदकर साइबर ठगी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में सदर-1 बेतिया के एसडीपीओ अजीत कुमार, थानाध्यक्ष अमर कुमार, पुअनि अनुज कुमार ओझा, सअनि निलेश कुमार, पीटीसी राजीव रंजन कुमार समेत थाना रिजर्व गार्ड शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
