रुपवलिया शिव मंदिर का बड़ा हिस्सा नदी में समाहित
लगातार चार दिनों से हो रही बारिश से पहाड़ी नदियां रौद्र रूप दिखाने लगी हैं। दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिससे उन गांवों में जाने का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। हड़बोड़ा नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण लक्षनौता पंचायत के पोहरा गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है।
बेतिया । लगातार चार दिनों से हो रही बारिश से पहाड़ी नदियां रौद्र रूप दिखाने लगी हैं। दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिससे उन गांवों में जाने का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। हड़बोड़ा नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण लक्षनौता पंचायत के पोहरा गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिससे आवागमन पूर्णत: अवरुद्ध हो गया है। गांव का प्राथमिक विद्यालय में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। पोहरा गांव के महादलित बस्ती में अनवर मांझी, राजेंद्र मांझी, राजेन्द्र मांझी, बद्री मांझी, विनोद मांझी, दरोगा मांझी, रमेश मांझी, उमेश मांझी, शिवशंकर मांझी, गुलाब मांझी सहित 22 लोगों के घर में बाढ़ का पानी घुस गया है। ऐसे ही महुआ भूसा गांव में अजय राम, श्रवण राम, अखिलेश राम, शेख तैयब, शेख चोकट, ऐनुल देवान, मुस्मात राबड़ी खातून, रेयाज शाह, नुरुलहोदा शाह, समसुद्दीन शाह सहित 19 लोग घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। गांव के मुख्य सड़क पर बाढ़ की तेज धार होने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। छेगराहां नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रूपवलिया शिव मंदिर का बड़ा हिस्सा कट गया है। उत्तरी दीवार नदी में समा गया है। उसका शेष हिस्सा कभी भी नदी अपने अगोश में समाहित कर सकती है। गांव के सुभाष महतो, दुर्गा चौधरी, सूरज चौधरी,चंदन चौधरी सहित दर्जनों किसानों का करीब 25 एकड़ गन्ना एवं धान का फसल नदी के कटाव से प्रभावित है। मेहनौल पंचायत के वार्ड नंबर तीन, चार, पांच, सात व आठ में बाढ़ का पानी घुस जाने से पूरे गांव में तबाही मची है। मंझरिया गांव में बाढ़ का पानी घुसने से पूरे गांव में तबाही मची है। गांव में जाने वाली पीसीसी पंडई नदी के बाढ़ से कट गई है। पंडई नदी के बाढ़ से हरपुर पिपरा गांव भी पूरी तरह प्रभावित हो गया है। गांव के दर्जनों घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। मस्जिद भी कटने के कगार पर है। ऐसे ही माधोपुर पंचायत के बैरिया माधोपुर गांव का पश्चिम टोला हड़बोड़ा नदी के बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। रुपवालिया, मुरली भरहवा, पोहरा, महुआ भूसा, मर्•ादी, म•रादपुर आदि गांव टापू के रूप ले लिए हैं। मेहनौल पंचायत के पंचायत सचिव कृष्ण दत्त राम ने बीडीओ अजय प्रकाश रॉय को बाढ़ से क्षति की जानकारी दी है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि वहां राजस्व कर्मचारी को भी भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाही की जायगी। प्रशासनिक पहल नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
आक्रोशित ग्रामीण मुरली भरहवा निवासी अजय कुमार यादव, अर्जुन यादव, भिखारी ठाकुर आदि ने बताया कि अभी तक बचाव को ले कोई तैयारी नहीं की गई है। इसकी सूचना देने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है और ना ही स्थानीय अधिकारी इसका सुधी ले रहे हैं । तेजी से हो रहे कटाव की स्थिति अगर यही रही तो गांव का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। बाढ़ कई मवेशियों को बहा ले गई । ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पानी भर जाने के कारण हमलोगों दो दिनों भूखे है। घर में रखी हुई अनाज बर्बाद हो गई है।