संघर्ष की बदौलत मजदूरों की पहचान कायम
बिहार राज्य रिक्शा मजदूर संघ के सचिव अनुपम ने कहा कि मजदूरों ने मेहनत के बल पर अपने आपको हर परिस्थिति में स्थापित किया है।
बेतिया। बिहार राज्य रिक्शा मजदूर संघ के सचिव अनुपम ने कहा कि मजदूरों ने मेहनत के बल पर अपने आपको हर परिस्थिति में स्थापित किया है। पसीने को बहाकर मजदूरों ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। उनके संघर्ष का नतीजा है कि आज भारत भी विकसित राष्ट्र की श्रेणी में पहुंच गया है। बावजूद इसके आज भी मजदूर उपेक्षित है। इन्हें न्याय की आवश्यकता है। वे रविवार को नगर के मीना बाजार स्थित रिक्शा यूनियन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संघ के संस्थापक सचिव सह सीपीआईएम के जिला सचिव मंडल सदस्य कपिलदेव प्रसाद के 11 वीं पुण्यतिथि मनायी गई। इस अवसर पर बिहार राज्य रिक्शा मजदूर सभा की ओर से प्रधान कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष प्रभुराज नारायण राव ने कपिलदेव प्रसाद के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विगत वर्ष के कार्यकाल का प्रतिवेदन महासचिव शंकर कुमार राव ने पेश किया। उन्होंने कहा कि संघ की एकता एवं मजदूरों की संघर्ष के बल पर नगर परिषद द्वारा साइकिल एवं रिक्शा पर लगने वाले टैक्स को समाप्त कराया। मजदूरों की हित के लिए संगठन हमेशा संघर्ष करती रही हैं। संघ को मजदूरों के हित के लिए लड़ाई को और तेज करना होगा। वहीं जिला सचिव चांदसी प्रसाद यादव, सीटू के जिलाध्यक्ष वीके. नरुला, एटक के जिला सचिव राजीव रंजन झा, खेतिहर मजदूर यूनियन के जिला सचिव प्रभुनाथ गुप्ता, डीवाईएफआई के जिला सचिव म.हनीफ, जनवादी लेखक संघ के जिला सचिव अनिल अनल, तांगा मजदूर संघ राज डेवढ़ी के सचिव नीरज बरनवाल, बीएसएसआर यूनियन के सचिव डीसी. ठाकुर, भवन निर्माण यूनियन के अजय सुहाग, तांगा मजदूर यूनियन चनपटिया के राजा साह आदि ने कपिलदेव प्रसाद के तैलचित्र पर फूलमाला चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इनसेट
13 सदस्यीय कार्यकारिणी का हुआ गठन
सीटू के आम सभा में 13 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष प्रभुराज नारायण राव, उपाध्यक्ष अधिवकता सैदुल्लाह, झुना मियां, महासचिव शंकर कुमार राव, संयुक्त सचिव नीरज बरनवाल, अनवार अली, हरी चौधरी का विधिवत निर्वाचन किया गया। कार्यक्रम का समापन विजय नाथ तिवारी के संबोधन के उपरांत हुआ।