नरकटियागंज में आज खेलेगी अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉलर अंशा
चीन, वियतनाम और बांग्लादेश में अखिल भारतीय महिला फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए परचम लहरा चुकी फुटबॉलर अंशा 10 वर्षों के बाद अपने चंपारण के मिट्टी पर खेलने के लिए पहुंची हैं।
बेतिया। चीन, वियतनाम और बांग्लादेश में अखिल भारतीय महिला फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए परचम लहरा चुकी फुटबॉलर अंशा 10 वर्षों के बाद अपने चंपारण के मिट्टी पर खेलने के लिए पहुंची हैं। चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष सह बिहार दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को शानदार और जानदार बनाने के लिए अंशा नरकटियागंज टाउन क्लब की ओर से मैच खेलेगी। अनुमंडल प्रशासन ने आयोजित समारोह के संयोजक सुनील वर्मा ने बताया कि चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष सह बिहार दिवस के अवसर पर तीन दिनों का खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया है। महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का पहला मैच 21 मार्च को समस्तीपुर और नरकटियागंज के बीच उच्च विद्यालय के खेल मैदान पर खेला जाएगा। 22 तारीख को पटना और सीवान एकादश के बीच मुकाबला होगा। 23 मार्च को फाइनल मैच खेला जाएगा और उसी दिन पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित फुटबॉल मैच का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अंशा रहेगी।अनुमंडल प्रशासन द्वारा उसे सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि नरकटियागंज के खेल मैदान पर अभ्यास के साथ जिला, राज्य और राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमकी अंशा अखिल भारतीय महिला फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 2007 में चीन, 2009 में वियतनाम और 2011 में बांग्लादेश में हिस्सा लिया। वह 10 वर्षों के बाद अपनी कर्मभूमि चंपारण के नरकटियागंज लौट रही है। अनुमंडल प्रशासन के अलावा खिलाड़ियों द्वारा उसके सम्मान की तैयारियां की गई है। फुटबॉलर अंशा फिलहाल पूर्व मध्य रेल के हाजीपुर में रेलवे विजिलेंस में कार्यरत है। संयोजक सुनील वर्मा और सह संयोजक वीरेंद्र कुमार ¨सह ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी पूरी कर ली गई है। सत्याग्रह शताब्दी वर्ष में बिहार दिवस पर यहां का खेल मैदान अंशा के साथ-साथ सभी खिलाड़ियों के स्वागत के लिए तैयार है।