बेतिया से पाटलिपुत्र के बीच चलेगी नई इंटरसिटी जल्द, परिचालन को लेकर सांसद ने दिलाया भरोसा
Narkatiaganj Patliputra Train:पश्चिम चंपारण के जमुनिया में पोखर लोकार्पण कार्यक्रम में बेतिया से पाटलिपुत्र तक सीधी इंटरसिटी ट्रेन चलाने की ...और पढ़ें

रेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा उठने के बाद सांसद ने दिया आश्वासन। फाइल फोटो
HighLights
पश्चिम चंपारण में बेतिया-पाटलिपुत्र सीधी इंटरसिटी ट्रेन की मांग उठी।
सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने नई ट्रेन का सकारात्मक आश्वासन दिया।
नरकटियागंज से पाटलिपुत्र तक होगा नई ट्रेन का परिचालन।
संवाद सूत्र, जगदीशपुर (पश्चिम चंपारण)। Patliputra Intercity Train: पश्चिम चंपारण जिले के जमुनिया में आयोजित पोखर लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठा।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री के साथ बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल एवं वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मंच संचालन कर रहे शैलेश कुशवाहा ने सांसद डॉ. संजय जायसवाल के समक्ष बेतिया से पाटलिपुत्र तक सीधी इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग रखी।
यात्रियों की उठाई समस्या
मंच संचालक ने कहा कि वर्तमान में इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन बगहा से होने के कारण बेतिया और आसपास के यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चंपारण क्षेत्र से राजधानी पटना के लिए सुगम रेल सेवा उपलब्ध कराने हेतु वे लगातार प्रयासरत हैं।
नरकटियागंज से परिचालन संभव
सांसद ने स्पष्ट किया कि नई इंटरसिटी ट्रेन को स्वीकृति मिलने पर इसका परिचालन केवल बेतिया से नहीं, बल्कि नरकटियागंज से पाटलिपुत्र तक किए जाने की पूरी संभावना है।
इससे पूरे जिले के यात्रियों को सीधी और तेज कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा। रेलवे स्तर पर प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के लिए आवश्यक विभागीय प्रक्रिया जारी है।
वर्तमान में पाटलिपुत्र के लिए दो इंटरसिटी
चंपारण से पाटलिपुत्र जंक्शन के लिए दो प्रमुख इंटरसिटी ट्रेनें संचालित होती हैं। इनमें बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी मेमू एक्सप्रेस (15202) और बापूधाम मोतिहारी-पाटलिपुत्र मेमू इंटरसिटी एक्सप्रेस (15556) शामिल हैं।
बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी मेमू (15202)
बगहा से सुबह 4:00 बजे खुलकर यह ट्रेन पूर्वाह्न 11:55 बजे पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचती है। करीब 275 किलोमीटर की दूरी लगभग 7 घंटे 55 मिनट में तय करती है। इसका प्रमुख मार्ग नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, चकिया, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर है। ट्रेन सप्ताह के सातों दिन चलती है।
बापूधाम मोतिहारी-पाटलिपुत्र मेमू (15556)
बापूधाम मोतिहारी से सुबह 5:55 बजे खुलने वाली यह ट्रेन सुबह 9:35 बजे पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचती है। करीब 155 किलोमीटर की दूरी 3 घंटे 40 मिनट में पूरी करती है। इसका प्रमुख मार्ग चकिया, महसी, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और सोनपुर है। यह ट्रेन भी प्रतिदिन संचालित होती है।
माना जा रहा है कि लोगों की मांगों के अनुसार यदि ट्रेन चलती है तो बहुत राहत होगी। यात्रा की परेशानी कम होने के साथ साथ लोगों का समय भी बचेगा।
यह भी पढ़ें- पूर्णिया से पाटलिपुत्र के लिए नई स्पेशल इंटरसिटी, हसनपुर, रोसड़ा, समस्तीपुर व मुजफ्फरपुर को सीधी कनेक्टिविटी
