गोरखपुर कैंट-उनौला में NI कार्य से थमी ट्रेनों की रफ्तार, बगहा में 7 घंटे देर से पहुंची सप्तक्रांति
नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड पर उनौला और गोरखपुर छावनी के बीच एनआइ कार्य के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। इससे बगहा से गुजरने वाली कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं।

सात घंटे 30 मिनट देरी से बगहा रेलवे स्टेशन पहुंची सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस। जागरण
HighLights
उनौला-गोरखपुर छावनी के बीच एनआई कार्य से रेल परिचालन बाधित हुआ।
बगहा में कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं, यात्री परेशान हुए।
सप्तक्रांति 7 घंटे देरी से, जननायक एक्सप्रेस का मार्ग बदला।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड पर उनौला एवं गोरखपुर छावनी के बीच एनआइ कार्य के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलखंड पर चल रहे कार्य का असर लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ पैसेंजर ट्रेनों पर भी देखने को मिला।
गुरुवार को बगहा स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से पहुंचीं। ट्रेनों के इंतजार में यात्री स्टेशन पर परेशान रहे। वहीं कुछ ट्रेनों के रद रहने और एक ट्रेन को दूसरे रेलमार्ग से भेजे जाने से यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुजफ्फरपुर से प्रयागराज जंक्शन जाने वाली 14111 बापूधाम एक्सप्रेस करीब 12 घंटे विलंब से बगहा पहुंची। आनंद विहार की ओर जाने वाली 04013 स्पेशल ट्रेन करीब दो घंटे, 15653 जम्मू तवी-अमरनाथ एक्सप्रेस करीब एक घंटा 30 मिनट, जबकि 19726 खातिपुरा-अमृत भारत एक्सप्रेस करीब चार घंटे 30 मिनट विलंब से बगहा पहुंची।
इसी तरह 19038 अवध एक्सप्रेस करीब आठ घंटे विलंब से बगहा पहुंची। वहीं 12558 आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस करीब सात घंटे 30 मिनट की देरी से बगहा पहुंची।
15568 बगहा-मोतिहारी अमृत भारत एक्सप्रेस करीब चार घंटे, 04014 लोकहा बाजार स्पेशल फायर ट्रेन करीब छह घंटे, 15052 पूर्वांचल एक्सप्रेस करीब दो घंटे, 12212 गरीब रथ एक्सप्रेस करीब चार घंटे और 19037 अवध एक्सप्रेस करीब चार घंटे विलंब से बगहा पहुंची।
पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित
एनआइ कार्य का असर स्थानीय यात्रियों को लेकर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों पर भी पड़ा। 55097 और 55095 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट पैसेंजर ट्रेन रद रही। वही 55098 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज पैसेंजर ट्रेन का भी परिचालन रद रहा। इससे दैनिक यात्रियों और छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
कई अन्य ट्रेनें भी घंटों विलंब से पहुंचीं
12557 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से करीब चार घंटे की देरी से रवाना हुई। बगहा से रक्सौल की ओर जाने वाली 15274 करीब दो घंटे विलंब से, 14010 चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस करीब पांच घंटे विलंब से बगहा पहुंची। जबकि 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस निर्धारित समय पर बगहा पहुंची।
जननायक एक्सप्रेस का बदला गया मार्ग
रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण 15212 जननायक एक्सप्रेस को दूसरे रेलमार्ग से मुजफ्फरपुर भेजा गया। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा।
लगातार ट्रेनों के विलंब से स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और इंतजार बढ़ता रहा। यात्रियों का कहना था कि लंबी दूरी की ट्रेनों के घंटों विलंब से पहुंचने के कारण आगे की यात्रा की योजना भी प्रभावित हो रही है।
