विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया GMCH में मरीजों का होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, अब काउंटर पर नहीं लगेगी भीड़

Published: Fri, 25 Sep 2026 08:22 PM (IST)

GMCH Bettiah Website: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया में मरीजों को अब ओपीडी की पर्ची के लिए लंबी लाइनों ...और पढ़ें

ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से काउंटर से दबाव काफी कम हो जाएगा। फाइल फोटो

ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से काउंटर से दबाव काफी कम हो जाएगा। फाइल फोटो

HighLights

  1. जीएमसीएच बेतिया में ऑनलाइन ओपीडी रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू।

  2. मरीजों को अब पर्ची के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना होगा।

  3. डीएम के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। GMCH Online OPD Registration: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब ओपीडी की पर्ची कटाने के लिए लंबी लाइनों में नहीं जूझना पड़ेगा।

अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सहूलियत के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए विशेष वेबसाइट तैयार की जा रही है, जिससे मरीज अब घर बैठे ही अपने मोबाइल से ओपीडी का रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।

काउंटर पर लगेगी भीड़ से राहत

जीएमसीएच की ओपीडी में रोजाना औसतन 1500 से 1800 मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। सुबह के वक्त पर्ची काउंटर पर मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है।

इस धक्का-मुक्की और लंबी कतारों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों, बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को झेलनी पड़ती है। ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से काउंटर से दबाव काफी कम हो जाएगा।

डीएम के निर्देश पर एक्शन

दरअसल, चार दिन पहले पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जीएमसीएच का औचक निरीक्षण किया था। ओपीडी व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लगी भीड़ को देखकर नाराजगी जताई थी।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को तत्काल ऑनलाइन पर्ची की सुविधा बहाल करने का सख्त निर्देश दिया था। डीएम के इस निर्देश के तुरंत बाद अस्पताल प्रबंधन वेबसाइट तैयार कराने की प्रक्रिया में जुट गया है।

सीधे डॉक्टर से मिलेगा परामर्श

डिजिटल पोर्टल शुरू होते ही मरीज घर बैठे या रास्ते में ही मोबाइल से अपना ओपीडी पंजीकरण कर सकेंगे। इससे अस्पताल पहुंचते ही उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहने के बजाय सीधे संबंधित विभाग के डॉक्टर से परामर्श लेने की सुविधा मिलेगी।

इस नई व्यवस्था से न सिर्फ मरीजों का कीमती समय बचेगा, बल्कि ऑफलाइन काउंटर पर होने वाली अफरातफरी और अव्यवस्था से भी स्थायी राहत मिलेगी।

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कमियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। वेबसाइट तैयार होने के बाद मरीजों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भीड़ कम होगी और मरीजों को सहूलियत मिलेगी।

-

डा. अनिल कुमार, अधीक्षक, जीएमसीएच