विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गौनाहा में पड़ोसी का झगड़ा छुड़ाने गए युवक की हत्या, बांस के बल्ले से हमला

By Vivek Kumar Edited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 11 Mar 2026 04:19 PM (IST)

West champaran News : गौनाहा के बैरटवा गांव में पड़ोसी दंपती का झगड़ा छुड़ाने गए नृप मांझी (35) की बांस ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सूत्र,  गौनाहा (पश्चिम चंपारण) । गौनाहा थाना क्षेत्र के भितिहरवा पंचायत के बैरटवा गांव में मंगलवार की रात आसपास पड़ोसी दंपती के बीच झगड़ा छुड़ाने गए युवक पर पीछे से बांस से हमला करने की वजह से सिर में लगे गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मृतक मोहन मांझी के पुत्र नृप मांझी (35 वर्ष) के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। आरोपित दंपती घर में ताला बंद कर फरार हो गए हैं।

मृतक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी सीमा देवी अपने पड़ोसी मोगल मांझी और उनकी पत्नी सुगंधी देवी पर हत्या का आरोप लगा रही है।

बताया कि है कि नृप मांझी कर्नाटक में मजदूरी करता था। वह होली में घर आया था। बाजार से चिकन खरीद कर लाया था। बच्चों के साथ खाना खाने के बाद दरवाजे पर टहल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी मोगल मांझी और उसकी पत्नी सुगंधी देवी में झगड़ा होने लगा।

मोगल मांझी अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। नृप मांझी दोनों के बीच झगड़ा छुड़ाने के लिए गया। वह दंपती के बीच का झगड़ा छुड़ाने का प्रयास कर रहा था।

गांव के अन्य लोग भी आ गए थे। इस बीच, दंपती बांस का बल्ला लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। मोगल मांझी ने बांस के बल्ले से हमला कर दिया, जो नृप मांझी के सिर के पीछे जाकर लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया।

ग्रामीणों के सहयोग से उसे गौनाहा रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चर्चा है कि मोगल मांझी नशे में था। जिसका विरोध उसकी पत्नी सुगंधी देवी कर रही थी, इसी को लेकर दोनों में झगड़ा होने लगा था।

मृतक की पत्नी का आरोप है कि मोगल मांझी नशे में अपनी पत्नी से मारपीट कर रहा था। मृतक के पांच बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र नौ वर्ष है। मृतक की मां दृष्टिबाधित दिव्यांग है। सबों का रो रोकर बुरा हाल है।

मामले में थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया गया है। अभी मृतक के स्वजन ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होगी।