गौनाहा में मोबाइल टावर पर काम करते बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
पश्चिम चंपारण के गौनाहा में मोबाइल टावर पर काम करते समय एक निजी बिजली मिस्त्री शिवनारायण मुखिया की करंट लगने ...और पढ़ें

भितिहरवा में मुख्य सड़क जाम करते लोग। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Gaunaha Electrician Death News: जिले के गौनाहा थाना क्षेत्र के भीतिहरवा गांव में गुरुवार को करंट लगने से निजी बिजली मिस्त्री शिवनारायण मुखिया (40) की मौत हो गई।
वह भीतिहरवा पंचायत के वार्ड संख्या आठ के निवासी पत्थल मुखिया के पुत्र थे। बताया जाता है कि वह गांव में स्थित एयरटेल के टावर की खराबी दूर करने के लिए बिजली से संबंधित काम कर रहे थे।
शॉर्ट सर्किट से मौत
इसी दौरान शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल गौनाहा रेफरल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
सड़क पर शव रख प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने नरकटियागंज-गौनाहा मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया। इस दौरान बांस-बल्ला लगाकर और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और जाम हटवाने के प्रयास में जुटे रहे।
