विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल ने गंडक नदी में छोड़ा 4.40 लाख क्यूसेक पानी, पश्चिम चंपारण में अलर्ट जारी

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:15 PM (IST)

Bihar Flood Update: नेपाल में भारी बारिश के कारण गंडक नदी में 4.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे ...और पढ़ें

HighLights

  1. नेपाल ने गंडक नदी में 4.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा।

  2. पश्चिम चंपारण में बाढ़ की आशंका, जिला प्रशासन अलर्ट पर।

  3. तटबंधों का निरीक्षण, आपदा मोचन दल हाई अलर्ट पर।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Gandak River Nepal Discharge: नेपाल के तराई क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।

नेपाल ने शनिवार दोपहर बाद गंडक नदी में 4.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है। इसके प्रभाव से वाल्मीकिनगर बैराज से 3.53 लाख से 3.81 लाख क्यूसेक तक पानी छोड़े जाने की संभावना है।

तटबंधों का निरीक्षण

भारी जलप्रवाह को देखते हुए निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने 24 घंटे निगरानी बढ़ा दी है।

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर डीडीसी काजले वैभव नितिन ने बैरिया और नौतन में पीडी रिंग बांध का स्थलीय निरीक्षण किया।

चौकसी बरतने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरिया स्थित पीडी रिंग बांध और नौतन स्थित चंपारण तटबंध का जायजा लिया।

तटबंधों पर पानी का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए जल निसरण विभाग के अभियंताओं और संबंधित अधिकारियों को निरंतर चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील स्थलों पर पहरा

तटबंधों के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के लिए होमगार्ड एवं स्थानीय चौकीदारों की तैनाती की गई है।

ताकि किसी भी प्रकार की खतरे की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल सूचना मिले और आवश्यक कदम उठाए जा सकें। फिलहाल बैरिया एवं नौतन में जलस्तर नियंत्रण में है।

आपदा मोचन दल अलर्ट

संबंधित प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, कार्यपालक अभियंताओं और आपदा मोचन दल (SDRF) को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

गश्ती बढ़ाने के साथ ही तटीय इलाकों के निवासियों से ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति के लिए नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी कर दिए गए हैं।