नेपाल में बाढ़ के बाद गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा, बिहार में युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य जारी
Ndrf Sdrf Rescue: नेपाल में बाढ़ और गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन अलर्ट पर ...और पढ़ें

चकदहवा क्षेत्र के निचले हिस्सों में रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।उनके लिए सामुदायिक किचन शुरू किया गया है।
HighLights
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर पर पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन अलर्ट।
वाल्मीकि नगर व चकदहवा के निचले इलाकों से लोगों का रेस्क्यू।
बगहा में NDRF-SDRF तैनात, 1500 लोगों के लिए सामुदायिक रसोई।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Gandak River Alert: नेपाल में आई प्रलयंकारी बाढ़ और गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
वाल्मीकि नगर के संवेदनशील और निचले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
अंचलाधिकारी वसीम अकरम के अनुसार बुधवार शाम तक चकदहवा क्षेत्र के निचले हिस्सों में रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
1500 लोगों के लिए सामुदायिक रसोई
प्रशासन ने विस्थापित परिवारों के भोजन और ठहरने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर भेडियारी स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में सामुदायिक रसोई केंद्र स्थापित किया गया है।
यहां लगभग 1500 लोगों के लिए नियमित भोजन तैयार करने और वितरण की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को परेशानी न हो।
संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी
चकदहवा और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष प्रशासनिक टीमों की तैनाती की गई है।
सभी अधिकारियों और कर्मियों को चौबीसों घंटे फील्ड में तैनात रहने तथा आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। निचले इलाकों के नागरिकों को लगातार सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर भेजा जा रहा है।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मुस्तैद
आपदा से निपटने के लिए राहत और बचाव दलों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है। बगहा में एसडीआरएफ की टीम पहले से मोर्चा संभाले हुए है, जबकि एनडीआरएफ की विशेष टुकड़ी भी बेतिया से बगहा पहुंच चुकी है।
प्रशासन ने आम जनता से गंडक नदी और निचले जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
