विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी चंपारण में गंडक की कटान से संकट में 109 परिवार, स्कूल का आधा हिस्सा और 40 घर नदी में समाए

Published: Tue, 18 Aug 2026 03:46 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के मधुबनी प्रखंड की चिउरही पंचायत में गंडक नदी के कटाव से 109 परिवार संकट में हैं।

कटान से क्षतिग्रस्त स्कूल। (जागरण)

कटान से क्षतिग्रस्त स्कूल। (जागरण)

HighLights

  1. गंडक नदी के कटाव से 109 परिवार संकट में।

  2. 40 घर नदी में विलीन, प्राथमिक विद्यालय प्रभावित।

  3. एसडीएम ने निरीक्षण कर पुनर्वास के निर्देश दिए।

संवाद सूत्र, मधुबनी। पश्चिम चंपारण के मधुबनी प्रखंड की चिउरही पंचायत में गंडक नदी का कटाव लगातार जारी है। नदी की तेज धारा के कारण तटवर्ती इलाकों में बसे परिवारों के सामने विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है।

कटाव की चपेट में आने से करीब 109 परिवार संकट में हैं। कई परिवार अपने घरों से सामान निकालकर सड़क किनारे रहने को मजबूर हो गए हैं। इससे प्रभावित लोगों में भय का माहौल है।

गंडक नदी की कटान ने प्राथमिक विद्यालय चिउरही उर्दू को भी अपनी जद में ले लिया है। विद्यालय की पीछे की बाउंड्री नदी में समा गई है, जबकि भवन का पश्चिमी हिस्सा का आधा कटाव से प्रभावित हुआ है।

विद्यालय परिसर और भवन को लगातार खतरा बना हुआ है। विद्यालय में नामांकित बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए पंचायत भवन में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

हालांकि, पंचायत भवन में बच्चों की पढ़ाई कराना भी चुनौती बना हुआ है। ग्रामीण मेराज अंसारी, जमील अख्तर, महेश तेली, जफरुदीन अंसारी का कहना है कि गंडक प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ कटान तेज हो जाता है।

नदी घर, खेत और उपजाऊ जमीन को अपने आगोश में ले लेती है। इस वर्ष भी अब तक 150 एकड़ से अधिक जमीन नदी में समा चुकी है। जिसमे गन्ना और खेतों के कटने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कई परिवारों के सामने खेती और आवास दोनों का संकट उत्पन्न हो गया है।

कटान स्थल का एसडीएम ने किया निरीक्षण

अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी मंगलवार को चिउरही पंचायत के रेवहिया में गंडक नदी के कटान का निरीक्षण किया। एवं बाढ़ निरोधात्मक कार्य का जायजा लिया।

स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनका हाल जाना। कटाव से प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर रहने की व्यवस्था को लेकर मधुबनी अंचल प्रशासन को निर्देशित किया।

एसडीएम ने कटाव पीड़ितों के बीच पॉलीथिन सीट का वितरण किया। वही सीओ नंदलाल राम ने बताया कि कटाव पीड़ितों के लिए पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि कटाव की जद में 109 परिवार हैं, जबकि 40 परिवार के घर नदी में विलीन हो चुके हैं।

सीओ ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय चिउरही का आधा हिस्सा नदी में समा गया है। साथ ही पैक्स गोदाम भी कटाव के जद में है। बीडीओ कुंदन कुमार, जिला परिषद प्रतिनिधि जीतेन्द्र गुप्ता पंचायत के मुखिया विजय यादव, उपप्रमुख प्रतिनिधि भिर्गुन गद्दी, सुनील गुप्ता, मुन्ना साह आदि लोग रहे।

यह भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ का कहर, पश्चिम चंपारण में गंडक उफनाई, दर्जनों गांवों की सड़कों पर बह रहा पानी

नदी के कटाव से बचाने के लिए यहां सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है। फिलहाल नदी की धारा तेज है, जिससे कार्य कराने में कठिनाई हो रही है।

-

राजेश चौधरी, कनीय अभियंता, फ्लड कंट्रोल बगहा।